प्रतिनिधि,चासनाला। स्टील ऑथरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के टासरा प्रोजेक्ट में पावर मेक व पीसी पटेल द्वारा संचालित प्रोजेक्ट में गुरुवार को ग्रामीण रैयतों व जनता मजदूर संघ कुंती गुट के समर्थकों ने अपने 13 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। प्रोजेक्ट में घुसकर पानी निकासी का मोटर पम्प को बन्द करा दिया है। जिस कारण प्रोजेक्ट से पानी निकासी का कार्य ठप हो गया है।





इस दौरान जनता मजदूर संघ के शाखा अध्यक्ष बिरजू सिंह, सचिव रमेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण रैयतों के 13 सूत्री मांगों को लेकर सेल टासरा प्रबंधन को एक मांग पत्र प्रेषित किया गया था। परन्तु प्रबंधन ग्रामीणों की मांगों पर कोई पहल नहीं कर रही है। जिस कारण ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि टासरा प्रोजेक्ट में एमडीओ को खनन के लिए 28 वर्षों के लिए निविदा आवंटित है। नई कम्पनी के साथ नई तरह से जनसुनवाई किया जाय। ग्रामीम रैयतों का 224 एकड़ जमीन एक मुश्त अधिग्रहण किया जाय। नई कम्पनी नए आरएनआर पॉलिसी के तहत बेहतर सुविधा की व्यवस्था बहाल करे।





उन्होंने कहा कि हमलोग प्रोजेक्ट को बन्द कर नहीं चलना चाहते हैं।सेल प्रबंधन ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण महौल बनाकर प्रोजेक्ट का विकास करे तब सहयोग की अपेक्षा करना चाहिए।वही प्रबंधकों के अनुसार ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को वार्ता कर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।बंदी करवाने में बिरजू सिंह, रमेश सिंह, संतोष सिंह, सुभाष सिंह, रोहित सिंह, कन्हाई सिंह, दीपक सिंह, सूरज दुबे, विजय मंडल, शम्भू सिंह आदि उपस्थित थे।