पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत पर्यटन कोलकाता एवं टूर एंड ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा रांची के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में योगा कैंप का आयोजन किया गया।
10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर सेल्फ एंड सोसायटी को ध्यान में रखते हुए बालिका समाज जन सहयोग फाउंडेशन ट्रस्ट कमिटी की दीदीयों,होली क्रॉस के स्कूल के युवा पर्यटन क्लब के समन्वयक एवं सदस्यों,विभिन्न ट्रेवल एजेंट सहित अन्य प्रतिभागियों ने योगा कैंप में उत्साह के साथ भाग लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ झारखंड (साझा) का सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की योगा इंस्ट्रक्टर संध्या गुप्ता ने समस्त प्रतिभागियों को योग सिखाया एवं स्वस्थ जीवन हेतु योग के महत्व एवं लाभ को समझाया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि राजकिशोर खाखा,संयुक्त निदेशक, साझा,अथिति शिवेंद्र कुमार सिंह,जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित एनजीओ के सदस्यों,युवा पर्यटन क्लब के सदस्य,साझा के सदस्य एवं टूर एंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ झारखंड के सदस्य को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम आयोजन में टूर एंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ झारखंड के अध्यक्ष अमरदीप सहाय, सचिव राजेश शुक्ला,संयुक्त सचिव शंकर राय और पूनम मधु तांबा की सक्रिय भूमिका रही।





