डीएवी पब्लिक स्कूल में नशा मुक्त जीवन विषय पर कार्यक्रम का आयोजन
नशा मुक्त जीवन अच्छे समाज की आधारशिला है:डॉ. प्रकाश ज्ञानी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,हज़ारीबाग।डीएवी पब्लिक स्कूल बरही के प्रांगण में गुरुवार को नशा मुक्त जीवन विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसके अंतर्गत बच्चों ने गीत संगीत, भाषण,निबंध लेखन,नाटक,पथ संचलन आदि के माध्यम से समाज को नशा से होने वाले दुर्गुणों से सावधान किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में अतिथि के तौर पर डॉक्टर प्रकाश ज्ञानी,स्कूल के एलएमसी सदस्य डॉक्टर निजामुद्दीन अंसारी,रमेश ठाकुर,इंद्रदेव यादव,सद्भावना मंच के राजसिंह चौहान,बरही थाना के सब इंस्पेक्टर शिवम गुप्ता,नरेश कुमार पांडे,सुधीर चौधरी आदि की महत्वपूर्ण उपस्थित रही।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षक दीपक कुमार द्वारा नशा मुक्त जीवन पर आधारित गीत से किया गया,जिसमें बच्चों ने नशा से होने वाले दुर्गुणों का वर्णन किया और इससे मुक्त होकर जीवन कैसे जिया जाता है इसके बारे में बताया।कक्षा दशम की पलक कुमारी ने अपने भाषण में बताया कि नशा मनुष्य को खोखला कर देता है,जो पूरे घर संसार को धीरे-धीरे नष्ट कर देता है।
अमित कुमार और प्रदीप गोराइ ने बच्चों से नाटक के माध्यम से यह दिखाया कि किस प्रकार नशा को न बोलकर हम अपने जीवन में स्वस्थ जीवन अपनाते हुए आगे बढ़ सकते हैं,जिससे एक स्वस्थ जीवन और एक अच्छे समाज की आधारशिला रखी जा सकती है।अपने अतिथि भाषण में डॉक्टर प्रकाश ज्ञानी ने कहा कि नशीले पदार्थ मनुष्य को मानसिक और शारीरिक तौर पर गुलाम बना देते हैं।इसलिए हमें इन सब चीजों से दूर रहते हुए अपने समाज को भी दूर रखना है।
एलएमसी सदस्य रमेश ठाकुर ने कहा कि नशा मुक्त हो समाज हमारा यही संकल्प हमें लेना है। बरही थाना के सब इंस्पेक्टर शिवम गुप्ता ने कहा कि बच्चों को अपने घर के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरुक करते हुए उन्हें नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नशा हमारे जीवन को सदैव नुकसान पहुंचाती है। इसलिए मनुष्य को ऐसे मादक पदार्थ सिगरेट,शराब,गुटखा, तंबाकू,ड्रग्स जैसे चीजों को सदैव ना बोलना चाहिए। इन्हीं चीजों के माध्यम से असामाजिक तत्व अपने फायदे के लिए पूरे समाज की नींव खराब कर देते हैं। इसलिए हमें शपथ लेना चाहिए कि हम नशा को ना बोले और इससे होने वाले दुर्गुणों का क्या प्रभाव होता है इससे सबों को अवगत कराएं।इसके लिए हमें मानसिक तौर पर नशा भोगी को मजबूत बनाते हुए प्यार से इस लत को छुड़ाना होगा। उन्होंने सबों को शपथ दिलाया कि हम नशा से दूर रहेंगे।साथ ही साथ अपने परिवार और पूरे समाज को भी दूर रखने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहेंगे।
नशा मुक्ति पर मुकेश कुमार के निर्देशन में बच्चों ने निबंध लेखन कार्यक्रम में भी भाग लिया।इस अवसर पर मंच संचालन राजेश कुमार सिन्हा ने किया। इस पूरे कार्यक्रम की देख रेख वरिष्ठ शिक्षक नर्सिंग शर्मा,धर्मेंद्र कुमार और राजेश कुमार सिंह के द्वारा की गई। मंच सज्जा ललन यादव और छायांकन दीपक शरण के द्वारा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





