प्रतिनिधि,दुमका। पीएचडी के मानद उपाधि से सम्मानित होने वाले प्लस टू जिला स्कूल दुमका के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ0 दिलीप कुमार झा को प्लस टू जिला स्कूल दुमका परिवार शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया। ज्ञातव्य हो कि सोशल अवेयरनेस एन्ड पीस यूनिवर्सिटी फ्लोरिडा यूएसए द्वारा प्लस टू जिला स्कूल, दुमका के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक दिलीप कुमार झा को शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर डॉक्टरेट ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की मानद उपाधि से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान 21 मई को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह 2023 में वर्चुअल रूप से प्रदान किया गया था।अंग्रेजी विषय के अनुभवी शिक्षक डॉ0 झा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अतुलनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति द्वारा 2012 में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
डॉ0 दिलीप कुमार झा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 2010 में राज्य पुरस्कार एवं कई बार जिला स्तरीय पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा में 22 नवम्बर 2021 को होने वाले सम्मान समारोह में भी डॉ0 दिलीप कुमार झा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करकमलों द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।डॉ0 झा प्लस टू जिला स्कूल, दुमका के एसोसिएट एनसीसी पदाधिकारी भी हैं।डॉ0 दिलीप कुमार झा छात्रों एवं शिक्षक समाज के बीच एक लोकप्रिय, व्यवहार कुशल एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी शिक्षक हैं। डॉ0 दिलीप कुमार झा जिला प्रशासन एवं एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी,रेणुका तिग्गा ने डॉ0 दिलीप कुमार झा को सम्मानित करते हुए कहा कि पीएचडी का मानद उपाधि प्राप्त कर डॉ0 झा पूरे विद्यालय परिवार के साथ-साथ शिक्षा विभाग एवं दुमकावासियों को भी गौरवान्वित किया है। डॉ0 झा इसी तरह अपने साथ साथ शिक्षा विभाग एवं झारखंड का नाम रोशन करते रहे यही हम सबकी कामना है। डॉ0 झा जैसे अनुभवी एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति किसी भी संस्था एवं समाज के लिए प्रकाश पुंज होते हैं, जो अपने अनुभवों एवं ज्ञान से सभी को मार्गदर्शित करते हैं।
सम्मान समारोह में डॉ0 झा को सम्मानित करते हुए प्लस टू जिला स्कूल दुमका के प्रभारी प्राचार्य डॉ0 सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय परिवार के अनुभवी एवं सक्रिय सदस्य डॉ0 झा को पीएचडी की मानद उपाधि प्राप्त होने पर पूरा विद्यालय गौरवान्वित है।
डॉ0 सत्येन्द्र ने कहा कि जीवन में सेवा क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए एवं अपने कर्तव्यों को इमानदारी पूर्वक पालन कर हम समाज के लिए आदर्श एवं सम्मान के अधिकारी बन सकते हैं।जिला स्कूल दुमका परिवार के तरफ से सम्मानित होने पर डॉ0 दिलीप कुमार झा ने कहा कि मेरे लिए आज का दिन गौरवशाली क्षण है। डॉ0 झा ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कुशलता पूर्वक करते हुए अपने परिवार एवं संस्था द्वारा सम्मानित होता है तो वह एक यादगार पल होता है।
डॉ0 झा ने कहा कि समाज एवं अपने संस्थान से सम्मानित होकर व्यक्ति समाज सेवा एवं अपने कर्म क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ज्यादा सक्रिय हो जाता है। मौके पर उपस्थित विद्यालय के छात्र/ छात्राओं के अलावे विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने डॉ0 झा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।





