प्रतिनिधि,जमशेदपुर। शहर में फैले डॉन अखिलेश सिंह के सिंडिकेट को तोड़ने में पुलिस को सफलता मिल रही है। जिसके तहत जिला पुलिस ने सबसे पहले शातिर अपराधी कन्हैया सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया,जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया था। वहीं पूछताछ में कन्हैया सिंह ने पुलिस को कई अहम जानकारियां भी दी थी,जिसपर जिला पुलिस ने काम करते हुए सफलता भी हासिल की।





विगत 3 फरवरी की रात्रि एसएसपी प्रभात कुमार को गोलमुरी थाना अंतर्गत गाढ़ाबासा नींबू लाल बागान में अपराधी कन्हैया सिंह के गुर्गों के घर में किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने की नियत से हथियार इकट्ठा करने की गुप्त सूचना मिली,जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में एएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई गई। उक्त टीम ने बीती रात्रि गोलमुरी थाना अंतर्गत गाढ़ाबासा नींबू बागान में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया,जिसमें विजय जयसवाल और प्रभुनाथ जयसवाल उर्फ अंशु शामिल है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल, तीन देशी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस, मोबाइल, आधार कार्ड और बैंक पासबुक भी बरामद किया है।





पूरे मामले की जानकारी रविवार गोलमुरी थाना परिसर में एसपी सिटी के. विजय शंकर ने प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों को दी। वार्ता में एएसपी सुमित अग्रवाल, बागबेड़ा थाने के एसआई हर्षवर्धन सिंह, सिदगोड़ा थाने के एसआई नितेश कुमार ठाकुर समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।





प्रेसवार्ता में एसपी सिटी ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर आशीष जयसवाल भागने में सफल रहा है। जबकि भागने के दौरान उसने हाथ से एक झोला फेंक दिया। जिसकी जांच करने पर पुलिस ने उसमें से तीन देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया। वहीं सघन जांच के दौरान आशीष जयसवाल के घर में रहने वाले सूरज जयसवाल के कमरे से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया। मामले में दोनों आरोपी फरार हैं। जबकि छापेमारी के दौरान फरार आशीष के बड़े भाई विशाल जयसवाल द्वारा पुलिस के कार्य में बाधा उत्पन्न किया जा रहा था,जिसके कारण पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।





एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार और फरार आरोपी अपराधी कन्हैया सिंह के लिए रंगदारी समेत अन्य अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार और फरार आरोपी स्क्रैप टाल के धंधे में लिप्त है। फिलहाल दोनों आरोपी को पुलिस ने रविवार जेल भेज दिया है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी भी कर रही है।