प्रतिनिधि,गिरिडीह। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण का मतदान संपन्न हुआ।इस बार मतदाताओं में उत्साह का माहौल रहा। अपने प्रतिनिधि को चुनने के लिए मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों के पास कतारबद्ध खड़े होकर अपनी बारी की प्रतिक्षा करते दिखे। चढ़ते सूरज के बाद भी मतदाताओं का हौसला बुलंद रहा और धीरे-धीरे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। सुबह 7 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक जिला प्रशासन ने मुस्तैदी से डट कर शांतिपूर्ण,निष्पक्ष चुनाव हेतु वोटिंग करते हुए लगातार आंकड़ा जारी किया।
गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के लिए पड़े वोटों का जो आंकड़ा सामने आया है। उसके मुताबिक 1 बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान किया जा चुका था। गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक 50.44 प्रतिशत और डुमरी विधानसभा क्षेत्र में 50.07 प्रतिशत वोट डाले जा चुके थे,जो आगे बढ़कर गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में 63.71 और डुमरी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों में पड़े वोटों के 68.19 प्रतिशत हुआ।
वोटिंग के लिए हर बूथों पर मतदाताओं की लंबी लंबी कतारें लगी हुई थी। खासकर महिला मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। महिलाएं लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए घरेलू काम को छोड़कर कतार में खड़ी होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करती रहीं।
शहरी क्षेत्र के बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को मतदान के लिए पिंक बूथ बनाया गया था। यहां तमाम चुनाव कर्मी महिलाएं थीं।महिला कर्मियों के जिम्मे इस बूथ को रखा गया था। बताया गया कि मतदान अधिकारी से लेकर सुरक्षा कर्मी तक यहां महिलाएं ही थीं। इस बाबत मतदान अधिकारी पल्लवी ने बताया की राज्य सरकार की ओर से इसे पिंक बूथ नाम दिया गया।यहां की तमाम महिला कर्मी चुनाव कार्य को बेहतर ढंग से संचालित किए गए।





