सुलतानपुर।भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में तीन दिवसीय दौरे पर है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर आजादी के 75 वें वर्ष पर मेनका अपने संसदीय क्षेत्र के 75 गांवों का दौरा पूरा करेंगी।आपको बता दें कि मेनका रविवार अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर पहुंची है।मेनका का जिले की सीमा अलीगंज असरोगा टोल नाके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मेनका इस मौके पर ओलंपिक खेलों में भरोत्तलन में सिल्वर मेडल हासिल करने वाली मीराबाई चानू को शुभकामना देते हुए ओलंपिक खेलों में प्रतिभाग कर रही सभी टीमों को बधाई दी है।
मेनका ने कहा कि मीराबाई चानू ने विश्व पटल पर भारत का नाम उच्च शिखर पर पहुंचाने का काम किया है।पिछले दिनों दिल्ली में उत्तर प्रदेश के सांसदों के साथ मुख्यमंत्री व नवनियुक्त मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर मेनका ने बताया कि यूपी के विकास के लिए सभी सांसदों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।मेनका ने कहा कि जश्ने आजादी के 75 वें वर्ष पर पीएम नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर 75 गांव का दौरा करेंगी, जिसमें अनेक प्रकार के विकास कार्यो,योजनाओं से देश आगे बढ़ रहा है और खुशहाली बढ़ रही हैं,पीएम के इस संदेश को सभी तक पहुंचना हैं।मेनका ने कहा कि अब तक वह अपने संसदीय क्षेत्र के 500 गांव का दौरा कर चुकी है।मेनका ने महिलाओं को सुझाव देते हुए कहा कि मैं चाहती हूं कि ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार के लिए जिले के पौराणिक स्थल धोपाप नाम से अगरबत्ती बनाने की पहल करूं ताकि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मदद हो सके। उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय दलों के द्वारा जाति विशेष की राजनीति को केंद्र बनाए जाने पर मेनका गांधी ने कहा कि इन पाटिर्यों का यही चाल और चरित्र है।सांसद ने शास्त्रीनगर स्थित आवास पर लोगों की समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को फोन किया।





