प्रतिनिधि, दुमका। अपनी ही जमीन को दबंगों से मुक्त कराने को लेकर दुमका निवासी संतोष कुमार भदोरिया अपनी पत्नी वार्ड पार्षद सीमा देवी एवं अपने बच्चों के साथ शहर के गिलान पाड़ा स्थित मंदिर परिसर में आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं।





आमरण अनशन पर बैठे संतोष ने बताया कि वर्ष 1990 में उनके पिताजी को रैयत सुधीर चंद्र खां ने दान पत्र के माध्यम से अपनी जमीन दी थी। तब से उस जमीन का उपयोग करते आ रहे हैं। मार्च 2021 में सुधीर के बेटे मानिक खां ने प्रमोद चंद्र मोदी एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर उनका घर गिरा दिया।





संतोष ने बताया कि मारपीट एवं लूटपाट भी की। इस मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में मामला भी चला। अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय ने संतोष के विरुद्ध अपना निर्णय सुनाया। फिलहाल संतोष अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध उपायुक्त के न्यायालय में अपील दायर किए हैं। आगे उन्होंने बताया कि मुझे न्यायालय पर विश्वास है और उपायुक्त के न्यायालय से मेरे पक्ष में ही निर्णय होगा।