खूंटी।कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए युद्ध स्तर पर कोशिश जारी हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव भी दिखाई दे रहा है।जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर वैक्सीनेशन का महाअभियान चलवा रहा है,ताकि जिले के शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया जा सके। तोरपा प्रखंड को शत-प्रतिशत लोगों को टीकाकरण करने के लिए प्रखण्ड में महाअभियान चल रहा है।जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि तोरपा राज्य का पहला 100 प्रतिशत टीकाकरण कराने वाला प्रखंड बने। इस मुहिम में अधिकारियों, कर्मियों, पंचायत सेवक, मुखिया, एमओआईसी, एएनएम व सखी मंडल की दीदियों के द्वारा मुख्य भूमिका निभाई जा रही है। इसके लिए विशेष टीमों को गठित किया गया है। इसमें प्रतिनियुक्त सुपरवाइजर द्वारा सम्बन्धित चार-चार पंचायतों में लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य है।



इस महाअभियान के लिए टीमों का गठन भी किया गया है। प्रखंड की कुल 16 पंचायतों में से प्रत्येक चार पंचायतों के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्ति किया गया है।प्रत्येक पंचायत में एक इंचार्ज भी नियुक्त किया गया हैं। इसके अलावा कुल 32 वैक्सिनेशन टीमें गठित की गयी है और इसमें ग्राम स्तर पर भी सखी मंडल की दीदियों को टैग किया गया है। इसके साथ ही लोगों में जागरुकता एवं सखी मंडल की दीदियों द्वारा गांव-गांव जाकर कोरोना टीका के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

इसके अलावा बीडीओ और सीओ को निर्देशित किया गया है कि प्रखंड प्रशासन लगातार बैठकें कर वैक्सिनेशन कार्य में तेजी लाने के लिए कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही वैक्सिनेशन कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन एवं प्रखंड प्रशासन का सहयोग जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सहियाओं व सखी मंडल की दीदियों द्वारा किया जा रहा है। इस क्रम में ग्राम सभा, रात्रि चौपाल व अन्य प्रभावशाली माध्यमों से लोगों को व्यापक रूप से जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी सेविकाओं द्वारा प्रत्येक घरों में लाल, हरे अथवा पीले स्टीकर लगाए जा रहे हैं। इसमें जिस घर मे एक भी व्यक्ति को कोरोना टीका नहीं लगा है, उस घर के बाहर लाल स्टीकर, जिस घर में कुछ व्यक्तियों को कोरोना टीका लगा है उस घर के बाहर पीला स्टीकर एवं जिस घर के सभी व्यक्तियों को कोरोना टीका लगा है उस घर में हरा स्टीकर लगाए जा रहे हैं।