प्रतिनिधि,साहिबगंज।एक माह से गर्मी ने शहरवासियों को परेशान कर रखा था। इसमें हीटवेव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। इंसान के साथ पशु पक्षी भी बेहाल नजर आ रहे थे।ऐसे में गुरुवार की सुबह राहत भरी रही। बुधवार की शाम से बदल उमड़ते-घुमड़ते रहे।गुरुवार को इधर उजाला हो रहा था उधर आसमान से बादल बरसने लगे।
बारिश ने सुप्रभात कहा तो नगरवासियों ने भी इसका स्वागत किया।हल्की-हल्की ठंडी हवाएं लोगों को राहत देने लगी। तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।थोड़ी सी ही सही, मगर इस बारिश की वजह से भोर की हवाएं भीनी-भीनी लगने लगी।
बता दें कि पिछले एक माह से साहिबगंज का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था।मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान की बात करें तो जिले के सभी प्रखंडों के साथ-साथ निकटवर्ती जिले के लोगों को राहत मिलने वाली है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





