मैनपुरी।बिछिया रोड निवासी पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट संचालक को अपहरणकर्ताओं ने डेढ़ लाख रुपये की फिरौती लेकर अपने चंगुल से मुक्त किया।इंस्टीट्यूट संचालक का आरोप है कि पहले तो उसके रुपये लूट लिए इसके बाद आरोपियों ने कमरे में बंद कर पीटा। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गयी है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बिछिया रोड होली पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले धर्मेंद्र कुमार बाईपास रोड पर एक पैरामेडिकल व मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट चलाते हैं।धर्मेंद्र 28 जुलाई की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे इंस्टीट्यूट में ताला लगाने के बाद घर जा रहे थे।तभी एक युवक उनके पास आया और बोला कि कार में बैठे हुए सर उसको बुला रहे हैं।जैसे ही धर्मेंद्र कार के पास पहुंचे तभी पीछे से तीन युवकों ने उसे धक्का मारकर गाड़ी के अंदर डाल लिया और उसे सिरसागंज ले गए।

नहर के पास ले जाकर उसकी दो अंगूठी व 15 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद एक कमरे में बंद कर दिया। वहां उसे निर्वस्त्र कर पीटा। इसके बाद उसके फोन से पत्नी को फोन कर डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगी। कुछ देर बाद पत्नी रुपये लेकर आगरा रोड पर आई तो कार सवारों ने रुपये ले लिए और उसे खर्रा गांव के पास गाड़ी से फेंक कर भाग गए। तहरीर मिलने के बाद शुक्रवार की शाम कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गयी है।

एसपी अशोक कुमार राय ने कहा कि कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।