धनबाद।जज उत्तम आनंद की मौत मामले की सच्चाई सामने लाने में सीबीआई के तमाम हथकंडे फेल होने के बाद अब लोगों से सहायता करने के लिए अपील की है।सीबीआई ने रविवार की सुबह धनबाद शहर के चौक-चौराहों पर इश्तिहार लगाकर जज की कथित हत्या का सुराग देने वाले को पांच लाख रुपए इनाम देने का ऐलान किया हैं।



इश्तिहार में लिखा है कि 28 जुलाई की सुबह पांच बजे कोर्ट मोड़ रणधीर वर्मा चौक पर जज उत्तम आनंद की ऑटो से टक्कर मारकर हत्या की गई।जज की हत्या से संबंधित जो भी अहम जानकारी देगा उसको पांच लाख रुपए का इनाम दिए जाएगा और जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सीबीआई के प्रभारी एसपी कांड के अनुसंधानकर्ता विजय कुमार शुक्ला की ओर से जारी इस इश्तिहार में सीबीआई ने मोबाइल और टेलीफोन नंबर भी जारी किया हैं और साथ ही सिंफर के सत्कार गेस्ट हाउस में शरीरिक रूप से उपस्थित होकर भी जानकारी देने का विकल्प दिया है।रविवार की सुबह कोर्ट मोड़, हीरापुर, बैंक मोड़, पुलिस लाइन, स्टील गेट, स्टेशन सहित शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर यह इश्तिहार चिपकाया गया है।



आपको बता दें की सीबीआई पांच अगस्त से ही जज की मौत के मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई हैं और दर्जनों लोगों से पूछताछ, सैकड़ों मोबाइल नंबर की जांच के बाद सीबीआई जज को टक्कर मारने वाला ऑटो चालक लखन वर्मा और उसका सहयोगी राहुल वर्मा का लाई डिटेक्टर सहित कई टेस्ट भी करवा चुकी है लेकिन अभी तक सीबीआई इस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है कि लखन वर्मा और राहुल वर्मा ने ही साजिश के तहत इरादतन एडीजे को टक्कर मारी थी।



इन नंबरों पर फोन करके दे सकते है जानकारी

मोबाइल नंबर: 7827728856, सीबीआई क्राइम ब्रांच-1: 011- 24368640, 011-24368641