झारखंड।सीबीआई की टीम धनबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश-8 उत्तम आनंद की मौत में साजिश का एंगल तलाशने के लिए अंतिम ताकत लगा रही है।अनुसंधान में सामने अभी तक आए तथ्यों की पुनर्समीक्षा हो रही है। सीबीआई आरोपियों के मोबाइल सीडीआर से लेकर घटना स्थल वाली जगह से मिले सबूतों पर फिर से ध्यान दे रही है।
सीबीआई की टीम के सदस्यों ने शनिवार को भी कोर्ट मोड़ रणधीर वर्मा चौक पहुंची और कुछ लोगों से गहन पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जज को टक्कर लगने से कुछ देर पहले गांधी सेवा सदन के पास दो लड़कों को सीसीटीवी में खड़ा पाया गया है।सीबीआई की टीम उन्हीं दो लड़कों की तलाश में है।
बैरहाल अभी तक सीबीआई की टीम को उन लड़कों के किसी संदिग्ध व्यवहार का कोई पता नहीं चल पाया है।सीबीआई की टीम तसल्ली करना चाहती है कि दोनों लड़के कौन थे और घटना के वक्त वो किस काम से वहां पहुंचे थे।सीबीआई की टीम उन दोनों लड़को के पहचान के लिए धनबाद पुलिस से मदद ले रही है।
सीबीआई की टीम ने गुजरात के गांधीनगर एफएसएल में ऑटो चालक लखन वर्मा और उसके सहयोगी राहुल वर्मा की ब्रेन मैपिंग और नार्को एनलिसिस टेस्ट करा लिया हैं। बताया जा रहा है कि 31 अगस्त को दोनों की जांच की अंतिम प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। उसी दिन या एक अगस्त को सीबीआई की टीम दोनों को लेकर गांधीनगर से धनबाद के लिए रवाना हो सकती है।
रविवार और जन्माष्टमी की वजह से दो दिनों तक गांधीनगर एफएसएल बंद रहेंगे। लिहाजा अंतिम प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों को साबरमती सेंट्रल जेल में ही रखा जाएगा। हाईकोर्ट ने 27 अगस्त को सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों को हवाई जहाज से धनबाद लाने का निर्देश दिया है। अब देखना है कि उन्हें ट्रेन से यहां लाया जाएगा या फिर प्लेन से। सुरक्षा कारणों से सीबीआई फिलहाल इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रही है।





