गिरिडीह।झारखंड के गिरीडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह में धार्मिक स्थल में घुसकर उसे अपवित्र करने को लेकर बवाल शुरू हो गया है। धार्मिक स्थल को अपवित्र करने वाले युवक को लोगों ने पकड़ लिया।लोगों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।पुलिस के समझाने पर लोग उग्र हो गए और पथराव शुरू कर दिया।पुलिस ने उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
मिली जानकारी के अनुसार दूसरे समुदाय के स्थानीय तीन चार युवक अपनी कार से तेलोडीह में धार्मिक स्थल पर आए।इनमें से एक युवक नशा में था,उसने स्थल को अपवित्र कर दिया।अपवित्र करने वाले युवक को वहां के लोगों ने पकड़ कर बैठा लिया।जिस कार में युवक आया था, उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अफसरों के समझाने बुझाने के बाद भी बवाल कर रहे लोग शांत नहीं हुए। बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बाद भी धार्मिक भावनाओं से आहत होने से उग्र हुए लोग युवक को छोड़ने के लिए राजी नहीं हुए। लोग इतने उग्र थे कि पुलिस के समझाने के दौरान उनपर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए जमकर लाठी चलाई।मौके पर प्रशिक्षु आईएएस,गिरिडीह एसडीओ विशाल दीप खलको, डीएसपी संजय राणा सहित कई थानों के थानेदार और सैकड़ों की संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं। भीड़ को समझाने बुझाने का काम किया जा रहा है। इधर बवाल देखकर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक सरफराज अहमद भी पहुंच गए हैं। उग्र लोगों को समझाया जा रहा है।





