वरीय संवाददाता,रांची।निगम से जुडी समस्याओं पर चर्चा हेतु आज झारखण्ड चेंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक नगर आयुक्त अमित कुमार के साथ निगम कार्यालय में हुई। चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने बाजार टांड स्थित दुकानों के किराया विवाद के जल्द समाधान का आग्रह किया।दुकान के नाम ट्रांसफर में होने वाली समस्याआ के समाधान के आग्रह पर नगर आयुक्त ने सहमति जताई। ट्रेड लाइसेंस लेने की प्रक्रिया की जटिलता के सरलीकरण के आग्रह पर नगर आयुक्त ने सूडो को पत्राचार करने की बात कही।
खादगढ़ा बस स्टैंड में बसों से लिये जा रहे टोकन के रूप में वसूली के संबंध में भी वार्ता हुई और निगम के द्वारा बस स्टैंड में अधिकारिक बोर्ड लगाने का अनुरोध किया गया।जिसपर नगर आयुक्त ने सहमति जताई।चेंबर महासचिव परेश गट्टानी और कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से सुझाया कि नगर निगम,चेंबर, पीएचडी, बिजली और यातायात पुलिस के प्रतिनिधित्व से निगम द्वारा को-ऑर्डिनेशन कमिटी का गठन किया जाना आवश्यक है। इससे स्थानीय स्तर की समस्याओं का निदान त्वरित गति से संभव होगा, जिसपर नगर आयुक्त ने विचार के लिए आश्वस्त किया।
शहर के प्रमुख इलाकों में बरसात के समय सड़कों पर जल जमाव की समस्या से भी अवगत कराया गया। कहा गया कि बकरी बाजार एवं सेवा सदन पथ में बरसात के समय सड़कों का पानी दुकानों और घरों में भर जाता है। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम और चेंबर की संयुक्त टीम द्वारा जल्द ही इन क्षेत्रों का भ्रमण किया जायेगा। शहर को स्वच्छ बनाये रखने के लिए नगर आयुक्त ने चेंबर के माध्यम से दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि अपने दुकान का कचरा सड़कों पर ना फेंके। दुकानदार एरिया के सुपरवाइजर से संपर्क कर लें, दुकान खोलने के समय ही कचरा उठाव की आने वाली गाड़ी में ही कचरा फेंकें। उन्होंने क्षेत्रवार सुपरवाइजरों के संपर्क नंबर को भी सार्वजनिक करने की बात कही। यह कहा कि इस हेतु संबंधित एरिया के लोकल संगठनों से भी सहमति ली जायेगी। अपर बाजार क्षेत्र में शौचालय की व्यवस्था करने के सह सचिव अमित शर्मा के आग्रह पर नगर आयुक्त ने कहा कि जगह चिन्हित कर निगम द्वारा जल्द ही व्यवस्था कर दी जायेगी।
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव परेश गट्टानी, सह सचिव अमित शर्मा, शैलेश अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार शामिल थे।





