रांची।झारखंड की नई विधानसभा में नमाज अदा करने के लिए अलग से कमरा आवंटित किया गया है।कमरा आवंटित होने से घमासान मच गया है। विधानसभा सचिवालय से जारी आदेश में कहा गया है कि नई विधानसभा भवन में नमाज अदा करने के लिए कमरा संख्या TW-348 आवंटित किया जाता है। दो सितंबर को जारी ये आदेश जैसे ही सार्वजनिक हुआ घमासान मच गया है और जबरदस्त सियासत भी शुरू हो गई है।बीजेपी ने कहा कि नमाज के लिए कमरा दिया गया है तो इसमें हनुमान जी का मंदिर भी बनवाया जाए। पूर्व स्पीकर और बीजेपी नेता सीपी सिंह ने कहा है कि हम नमाज अदा करने के लिए आवंटित किए गए कमरे के खिलाफ नहीं है,लेकिन उन्हें झारखंड विधानसभा परिसर में मंदिर भी बनाना चाहिए।हम यहां तक ​​मांग करते है कि वहां हनुमान मंदिर की स्थापना की जाए। अगर स्पीकर ने मंजूरी दी तो हम अपने खर्च पर मंदिर का निर्माण कर सकते हैं। इसके अलावा बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र का मंदिर लोकतंत्र के मंदिर के रूप में ही होना चाहिए।नमाज के लिए अलग कमरा आवंटित करना गलत है। हम इस फैसले के खिलाफ हैं। वहीं बीजेपी विधायक अनंत ओझा ने इस पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया है कि ये क्या स्पीकर साहब, अब राज्य की सबसे बड़ी पंचायत भी तुष्टिकरण को पोषित करने की राह पर? झारखंड विधानसभा में नमाज़ अदा करने के लिए कक्ष। झारखंड की जनता सब देख रही है। सर्वधर्म समभाव की मूल आत्मा को कलंकित करने वाला निर्णय। वहीं झारखंड बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाह देव लिखते हैं कि जब चौतरफा असफलताओं से घिर जाओ तो ध्यान भटकाने की कोशिश करो। झारखंड के इतिहास में पहली बार विधानसभा भवन में नमाज अदा करने के लिए नमाज भवन बनाया गया। तुष्टीकरण की सारी सीमाएं पार हो गईं। क्या विधानसभा में बहुसंख्यक समाज के लिए मंदिर या प्रार्थना कक्ष की व्यवस्था है।