प्रतिनिधि,बासुकीनाथ। नववर्ष 2024 के पहले दिन सोमवार को विश्वप्रसिद्ध शिवनगरी बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में जलार्पण को लेकर श्रद्धालुओं का महासैलाब उमड़ पड़ा। जिला प्रशासन एवं मंदिर प्रशासन के बेहतरीन प्रशासनिक व्यवस्था के बीच सोमवार को तीन बजे प्रातः से संध्या पांच बजे तक लगभग नब्बे हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ मंदिर के गर्भगृह में कतार में लगकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलार्पण कर स्पर्श पूजा किया।
नववर्ष 2024 के पहले दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली हजारों भीड़ को देखते हुए बाबा बासुकीनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव सह दुमका के एसडीएम कौशल कुमार के निर्देशानुसार प्रातः तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए बाबा मंदिर सहित सभी मंदिरों के पट खोल दिया गया।आगंतुक श्रद्धालु दो बजे रात्रि से ही कतार में लगने प्रारंभ हो चुका था।दिन भर बासुकीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने को लेकर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।सभी श्रद्धालुओं को कांवरिया रुट लाइन से होकर दया वाटिका,फलाहारी धर्मशाला,संस्कार मंडप होकर हाथी द्वार से मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रवेश करा के पूजा अर्चना कराया गया। कतार में नहीं लगने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तीन सौ का शीघ्रदर्शनम का कूपन प्राप्त कर पूजा अर्चना करने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर जलार्पण किया।
बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी नववर्ष के पहले दिन सोमवार को बाबा बासुकीनाथ का पूजा अर्चना कर बाबा से अपने परिजनों के खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।इस बार नववर्ष के पहले दिन जिला प्रशासन द्वारा बासुकीनाथ मंदिर एवं इसके आसपास के क्षेत्र में किसी भी चारपहिया एवं अन्य वाहन का प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा रहा,जिससे लोगों को जाम के स्थिति से निजात मिला।सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के भीड़ से तिल रखने की जगह नहीं था।बाजार, मंदिर परिसर,नागनाथ चौक,चूड़ी गली,शिवगंगा सरोवर, नगर पंचायत के समीप,भागलपुर रोड रविवार रात्रि काल से सोमवार रात्रि तक श्रद्धालुओं से गुलजार रहा।खबर प्रेषण तक श्रद्धालुओं का आना जारी था।





