पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डुगडुगिया में शुक्रवार को संदेहास्पद स्थिति में एक नवविवाहिता का शव घर के एक कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। घटना के बाद से मृतका के पति सहित ससुराल के सभी लोग फरार हैं।मृतका के मायके वालो ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की शादी एक माह पूर्व ही हुई थी।
इस संबंध में बताया जाता है कि डुगडुगिया निवासी अशोक साव की पत्नी रूपा देवी (21वर्ष) घर के एक कमरे में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। जानकारी होते ही लोगों ने उसे फंदे से उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और बेटी के शव से लिपट कर रोने लगे।
इस संबंध में मृतका की मां ललिता देवी ने बताया कि उसे बेटी के ससुराल वालों ने फोन से सूचना दी कि उसकी बेटी ने फांसी लगा ली है और मौत हो गयी है। उसने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि शादी में साढ़े चार लाख दहेज दिया था। इसके बाद भी उसके ससुराल वाले रूपये की मांग कर प्रताड़ित करते रहते थे। बेटी को ससुराल वाले पसंद नहीं करते थे। जबकि ससुराल वालों ने देखकर शादी की थी। कहा कि उसकी बेटी की हत्या करके फांसी के फंदे से लटका दिया गया।





