पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।एक ओर जहां जिलेभर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है,लोगों का हाल बेहाल है,जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सुबह 9 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है।माता पिता अपने बच्चों का ध्यान नहीं रख पाते हैं और वे नदी तालाब में नहाने के लिए चले जाते हैं।ऐसी ही दो घटनाएं गुरुवार को घटित हुई।
जिले के दो थाना क्षेत्र में तीन बच्चों की नहाने के लिए जाने पर डूब जाने से मौत हो गई। पहली घटना जहां जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंद पत्थर खदान में हुई। यह चीनो ग्राम निवासी वसी अंसारी का पुत्र शोएब अपने दोस्तों के साथ पत्थर खदान में नहाने गया था। जहां पैर फिसल जाने से वह डूब गया और उसकी मौत हो गई।वहीं देवरी में दो बच्चों के डूब जाने से मौत हुई।
देवरी थाना इलाके के हरला गांव के तालाब में डूबने से दो नाबालिग की मौत हो गई। मृतकों में देवरी थाना इलाके के गार्डीह गांव निवासी शिवम विश्वकर्मा और भोजपुर गांव निवासी प्रियांशु कुमार शामिल हैं।
घटना के बाद दोनों गांवों में कोहराम मच गया।जिस किसी को भी जानकारी मिली कि दो बच्चों की मौत डूबने से हो गयी, सभी हरला गांव के तालाब में जुटने लगे।इस दौरान जब परिजन पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार अध्यधिक गर्मी के कारण गार्डीह और भोजपुर गांव के दोनों बच्चे नहाने के लिए हरला गांव के तालाब गए हए थे।नहाने के क्रम में गहरे पानी में वे डूब गए। जिससे उनकी मौत हो गई।





