संवाददाता,धुर्वा,रांची। नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पूर्व पार्षद रांची जिला बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष व शहर के जाने-माने समाजसेवी कृष्ण मोहन सिंह का असामयिक निधन सोमवार को पटना स्थित एक अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गया। स्व.सिंह विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े थे। एचईसी के श्रमिकों के हितों के लिए भी वे सतत संघर्षरत रहे। जन सेवा के प्रति समर्पित शख्सियत स्वर्गीय कृष्ण मोहन सिंह के अकस्मात निधन की खबर मिलते ही धुर्वा स्थित उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। उनका पार्थिव शरीर पटना से देर शाम धुर्वा स्थित उनके आवास पर लाया गया।
अंत्येष्टि आज
परिजनों के मुताबिक स्वर्गीय कृष्ण मोहन सिंह की अंत्येष्टि मंगलवार को धुर्वा स्थित सीठियो घाट पर की जाएगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने जताया शोक
रांची नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पूर्व पार्षद एवं जाने-माने समाजसेवी कृष्ण मोहन सिंह के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिंह समाज के सभी वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय थे। समाजसेवा के प्रति उनका जुनून अविस्मरणीय रहेगा। उनके असामयिक निधन से समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।श्री सहाय ने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।





