प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र में जिले से संचालित कई विकास योजनाओं में इन दिनों अनियमितताओं का अंबार लगा हुआ है।स्मरण हो कि पिछले हीं दिनों लघु सिंचाई विभाग से क्रियान्वित तालाब निर्माण की अनियमितता का मामला थमा नहीं कि मानसून की पहली बारिश में ही प्रखंड क्षेत्र के मिश्रौल बाजार टांड में निर्मित गार्डवाल व नाली शनिवार को धराशायी होकर अपनी बानगी बयां कर गया।ग्रामीणों ने संवेदक पर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग लाने की बातें कही है।





प्राप्त जानकारी के अनुसार भवन प्रमंडल विभाग द्वारा लगभग 24 लाख रुपए की लागत से उक्त गार्डवाल व नाली का निर्माण संवेदक गोपाल राणा के माध्यम से विभाग ने कुछ माह पूर्व हीं कराया था। सूत्रों की मानें तो संबंधित अधिकारियों द्वारा भारी कमीशनखोरी के कारण जनोपयोगी निर्माण कार्यों में तमाम मानकों को दरकिनार कर संवेदकों द्वारा जहां घटिया सामग्रियों से निर्माण होता है, वहीं ग्रामीणों की शिकायतों को भी जबाबदेह अधिकारी दरकिनार कर देते हैं। दूसरी ओर पुराने जर्जर गार्डवाल को प्लास्टर कर खानापूर्ति करते हुए योजना की राशि निकाले से अभियंता व संवेदक के सांठ-गांठ होने की चर्चा अब जोरों पर है।





निरीक्षण के दौरान बीस सूत्री उपाध्यक्ष नीरज तिवारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का भेंट विकास योजनाओं का चढ़ना दु:खद है। उपायुक्त व मंत्री सत्यानंद भोक्ता को समुचित जानकारी देकर उच्चस्तरीय जांच व कार्रवाई की मांग की जाएगी।