पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,लातेहार।जिले के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत सेरेगड़ा पंचायत के पंचायत सेवक अर्जुन राम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पलामू की टीम ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पंचायत सेवक सड़क निर्माण कार्य में भुगतान के लिए लाभुक से पांच हजार रुपए रिश्वत ले रहा था।





जानकारी के अनुसार बालूमाथ प्रखंड के सेरेगड़ा पंचायत के बुकरू गांव में ईट सोलिंग सड़क का निर्माण पंचायत स्तर पर कराया जा रहा था। काम पूरा होने के बाद लाभुक समिति के द्वारा जब पंचायत सेवक से पैसे भुगतान की मांग की जाने लगी तो पंचायत सेवक ने इसके बदले रिश्वत के रूप में पांच हजार रुपए की मांग की। लाभुक समिति द्वारा पंचायत सेवक से काफी अनुरोध किया गया परंतु बिना रिश्वत लिए पंचायत सेवा के पैसे भुगतान करने को तैयार ही नहीं था।अंत में लाभुक समिति द्वारा मामले की शिकायत पलामू निगरानी की टीम से की गई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पूरे मामले की छानबीन की और जब यह बात स्पष्ट हो गया कि पंचायत सेवक रिश्वत मांग रहा है तो निगरानी टीम ने लाभुक को पैसे देकर पंचायत सेवक के पास भेजा। पंचायत सेवक प्रखंड कार्यालय परिसर में ही रिश्वत के पैसे जैसे ही लाभुक ने दिया वैसे ही निगरानी टीम ने नोटों की पहचान करने के बाद आरोपित पंचायत सेवक को गिरफ्तार कर लिया।