पत्रकार कला मंच के दो दिवसीय नाट्य महोत्सव पावस का रंगारंग शुभारंभ
नाट्यालय की भगवदज्जुकम और जेएफटीए की प्रस्तुति गिरगिट ने किया दर्शकों को मंत्रमुग्ध
सैया भए कोतवाल का मंचन आज
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।पत्रकार कला मंच और सीसीएल के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय नाट्य महोत्सव पावस का शुभारंभ सीएमपीडीआई के मयूरी प्रेक्षा गृह में हुआ।वरिष्ठ रंगकर्मी राकेश रमन,समाजसेवी डॉ. राजश्री जयंती,ड्रीम एंड ग्रीन फाउंडेशन के डॉ. मनोज कुमार और रांची प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस महोत्सव का उद्घाटन किया।
दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पहले दिन नाट्यालय की प्रस्तुति भगवदज्जुकम और जेएफटीए की प्रस्तुति गिरगिट हुई।बोधायन लिखित भगवदज्जुकम का निर्देशन और संगीत निर्देशन सुकंठ ठाकुर ने किया।इस प्रहसन में प्राचीन कथा के माध्यम से हास्य और व्यंग्य की रोचक टिप्पणियां देखने को मिलीं।इसमें शिवम मनोहरण,आयुषी भद्रा,श्रुति राज लक्ष्मी, सुकंठ ठाकुर,बादल साहू,आशुतोष जायसवाल,तन्वी बरदियार,डिंपी सरकार,अनुष्का भद्रा,श्रेया सहाय,आरूषी कुमारी,आध्या डेशना,मंत्रेश कुमार,सन्नी कुमार,सक्षम मनोहरण,साक्षी मनोहरण,चिराग साहू और समायरा गुप्ता ने अपने अभिनय से सबका दिल जीत लिया,जबकि नेपथ्य में नृत्य परिकल्पना आयुषी भद्रा,प्रकाश परिकल्पना हर्षव नारायण शर्मा,गायन ऋषिका कुमारी,रितिका कुमारी,बादल साहू,हारमोनियम ईशान सुनेजा,तबला कुणाल दुबे,ध्वनि अंकित क्रिकेटर और श्री राम देव, वस्त्र सज्जा अंकिता केरकेट्टा और डिंपी सरकार,रूप सजा अनुष्का भद्र,तन्वी बरदियार और शिवांग चौबे ने किया।वहीं दूसरी प्रस्तुति आंतोन चेखब की गिरगिट रही,जिसका निर्देशन राजीव सिन्हा ने किया।
इस नाटक में सत्ता और सिस्टम पर कटाक्ष किया गया कि इंसान कैसे गिरगिट की तरह रंग बदलता है।इसमें सोमकांत, नीतीश कुमार गुप्ता,निकेश तिग्गा,निशा सिंह,अमित कुमार राज,सौरव मंडल,प्रिंस राजपूत,सोनू रूद्र,राजा वर्मा,मुकेश प्रमाणिक,मोंटी टॉक,अब्दुल तौफीक,चंदन कुमार,मुस्कान मेघा,पिंकी भट्टी,अभिनव,आरोही,छापर और शोभित अमन ने अपने अभिनय से खूब वाहवाही लूटी।वहीं नेपथ्य में अंशु अग्रवाल,सूरज पार्या,सोनू महतो,प्रशांत ऋषभ और रोशन अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पत्रकार कला मंच ने इस महोत्सव का आयोजन सीसीएल के सहयोग से किया है,जिसका उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद करना है। साथ ही पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए ड्रीम एंड ग्रीन फाउंडेशन के सहयोग से महोत्सव में आने वाले दर्शकों को एक-एक पौधा भी प्रदान किया गया।
इस महोत्सव के आयोजन में मंच के निलय सिंह,अमित दास, संतोष मृदुला,संदीप नाग,एएसआरपी मुकेश,परवेज कुरैशी, सत्य प्रकाश पाठक,अक्षय कुमार और संजय सिंह की अहम भूमिका रही।महोत्सव का समापन पत्रकार कला मंच की प्रस्तुति सैंया भए कोतवाल से होगी। हास्य और व्यंग्य से भरपूर इस नाटक का निर्देशन संतोष मृदुल ने और संगीत निर्देशन निलय सिंह ने किया है।





