मेरठ।राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की हुई हत्या पर एक फिल्म बन रही है।फिल्म के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित जानी ने फिल्म के लिए पाकिस्तान से ग्रेटर नोएडा आई चार बच्चों की मां सीमा गुलाम हैदर को भी एक रोल करने के लिए ऑफर किया है।सीमा ने रोल करने के लिए तैयार भी है।अब अमित जानी को धमकी मिली है।
अमित जानी का आरोप है कि सपा के पूर्व प्रवक्ता अभिषेक सोम और मोनू मानेसर ने उन्हें धमकी दी है।अभिषेक ने वीडियो के माध्यम से उन्हें धमकी दी है कि वो अपने गुंडों के साथ मिलकर फिल्म के सेट पर हमला कर देगा।इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।फिल्म निर्देशक अमित जानी ने ट्वीट के जरिए यूपी पुलिस के अधिकारियों से इसकी शिकायत की है।
अमित जानी ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं जानी फायरफॉक्स मीडिया प्राइवेट हाउस लिमिटेड का प्रबंधक निदेशक हूं।मेरा प्रोडक्शन हाउस उदयपुर में पिछले साल हुए दर्जी कन्हैया लाल साहू हत्याकांड पर एक फीचर फिल्म बना रहा है, जिसकी कास्टिंग चल रही है।अगले माह सितंबर में इसका शूट होना तय हुआ है। मैंने आज मीडिया ग्रुप्स में वायरल एक वीडियो देखा जो मेरठ निवासी अभिषेक सोम का है।वीडियो में अभिषेक सोम ने मुझे धमकी दी है।
अमित जानी ने आगे ट्वीट करते हुए कहा कि अभिषेक ने मुझे धमकी देते हुए कहा है कि फिल्म के सेट पर हंगामा और तोड़फोड़ करेगा,जैसे पद्मावत फिल्म के शूट के समय हुआ था।अमित ने पुलिस से गुजारिश की कि इस पर कार्रवाई की जाए।अमित जानी ने यह भी कहा कि उनको एक वीडियो कॉल भी आई है, लेकिन उन्होंने उठाई नहीं,जिसके बाद उनके पास वॉइस मैसेज आया और उसमें मोनू मानेसर के नाम से धमकी दी गई है। कहा गया कि अगर सीमा हैदर को रोल दिया गया तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।
अभिषेक ने भी कमिश्नर को दिया प्रार्थना पत्र
अभिषेक सोम ने भी नोएडा पुलिस कमिश्नर को एक प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थना पत्र में अमित जानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए शिकायत की गई है।अभिषेक का कहना है कि अगर अमित जानी ने इस फिल्म को बनाया तो हम उसको रिलीज नहीं होने देंगे।सीमा हैदर की कोई हैसियत और औकात नहीं है कि वो फिल्म के सेट पर भी चली जाए। यह षड्यंत्र के तहत काम कर रहे हैं।ये लोग सिर्फ पब्लिसिटी चाहते हैं और करोड़ों अरबों रुपए कमाना चाहते हैं।
बता दें कि नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जानी फायरफॉक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित जानी ने सीमा गुलाम हैदर को अपनी फिल्म में रॉ एजेंट का किरदार निभाने का प्रस्ताव दिया है।सीमा ने जांच एजेंसियों से क्लीन चिट मिलने के बाद ही फिल्म में काम करने की बात कही है।
जानी फॉयरफॉक्स प्रोडक्शन हाउस की टीम ने पिछले हफ्ते ग्रेटर नोएडा में रबूपुरा पहुंच कर सीमा गुलाम हैदर से मुलाकात की और सीमा का ऑडिशन भी लिया।इस दौरान सीमा ने टीम के सदस्यों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।सीमा बहुत ही ज्यादा खुश नजर आईं।टीम की ओर से बताया गया कि सीमा JANI FIREFOX प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने वाली फिल्म A Tailor Murder Story में RAW एजेंट का किरदार निभाती नजर आएंगी।फिल्म में काम करने को लेकर उत्सुक नजर आ रहीं सीमा गुलाम हैदर का कहना है कि वह फिल्म में काम करना चाहती है। उन्हें केवल यूपी एटीएस से क्लीन चिट मिलने का इंतजार है।
बताते चलें कि चार बच्चों की मां पाकिस्तानी सीमा गुलाम हैदर को मोबाइल पर पबजी खेलते हुए ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा से प्यार हो गया था।इसके बाद सीमा अपने प्रेमी सचिन से मिलने के लिए अवैध तरीके से सीमा पार करते हुए नेपाल के रास्ते ग्रेटर नोएडा आ गई,लेकिन सीमा को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीमा को कोर्ट में पेश किया गया,जिसके बाद से सीमा जमानत पर रिहा है।अब यूपी एटीएस सीमा हैदर मामले की जांच कर रही है।





