रांची।झारखंड में पहली से आठवीं तक के स्कूल भी अब छात्रों के लिए खोले जाएंगे।स्कूल खोलने की तैयारियां शुरू हो गई है।शिक्षा सचिव राजेश शर्मा ने सभी डीईओ को स्कूलों में इसकी तैयारियां कराने का निर्देश दिया है।लेकिन अंतिम फैसला आपदा प्रबंधन विभाग लेगा।
मंगलवार को शिक्षा सचिव ने डीईओ के साथ वर्चुअल मीटिंग की और स्कूलों की साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन आदि पूरा करने का निर्देश दिया है।शिक्षा सचिव ने नौवीं से 12वीं में छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति पर गहरी चिंता जताई और इसके लिए प्रखंड साधन सेवी और संकुल साधन सेवियों को लगाने को कहा है।
आपको बता दें कि झारखंड में 12 नवंबर को नेशनल अचीवमेंट सर्वे होना है।इसमें 3509 स्कूलों के तीसरी, पांचवीं और सातवीं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। 2017 में नेशनल अचीवमेंट सर्वे एनसीईआरटी ने किया था लेकिन इस साल सीबीएसई के माध्यम से इसका आयोजन होगा।इसी के आधार पर ही राज्य के मानक तय होते हैं।पिछले सर्वे में झारखंड ने देशभर में आठवां स्थान प्राप्त किया था।





