पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,मझिआंव,गढ़वा।क्षेत्र में तपती धूप में भी नगर पंचायत कार्यालय द्वारा वार्ड नंबर 9 व 10 स्थित आमर पश्चिम टोला,अंसारी टोला और पाल टोला सहित आसपास के गांव व टोले में पानी की समस्या गंभीर हो गई है। आम लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। यह समस्या नगर पंचायत गठन के बावजूद भी अभी तक देखी जा रही है। कई मर्तबा ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर नगर पंचायत प्रशासन व जनप्रतिनिधि को आवेदन देकर इसके निराकरण की मांग की गई थी,लेकिन स्थिति यथावत है।





युवा समाजसेवी बिंदेश्वरी पाल उर्फ अशोक पाल के नेतृत्व में ग्रामीणों की उपस्थिति में आमर पश्चिम टोला,अंसारी और पाल टोला में बैठक कर पानी और होल्डिंग टैक्स सहित अन्य सुविधाओं के बारे में विचार विमर्श करते हुए नगर पंचायत प्रशासन के विरुद्ध पुरजोर ढंग से आवाज उठाई।





इस दौरान बिंदेश्वरी पाल ने कहा कि नगर प्रशासन व स्थानीय जनप्रतिनिधि पानी की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है,जिससे आमजनों को काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी के साथ-साथ पानी की गंभीर संकट से जूझना पड़ रहा है। सच कहा जाए तो एक बाल्टी पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।इसके लिए सरकार द्वारा राशि आवंटन के बाद भी पानी की व्यवस्था नहीं कराई जा सकी है।





बिंदेश्वरी पाल ने कहा कि जब से नगर पंचायत बनी है तब से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। नगर पंचायत प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। कई हैंड पंप भी खराब पड़े हैं और कई हैंड पंपों में पानी नहीं है। अंसारी टोला में केवल एक चापाकल है। चापाकल भी हांपने लगा है।उन्होंने कहा कि पानी के साथ-साथ बगैर सुविधा दिए होल्डिंग टैक्स भी वसूला जा रहा है,जो नियम के विरुद्ध है।





बिंदेश्वरी पाल ने कहा कि सरकार द्वारा डिजिटल इंडिया घोषित किया गया है,लेकिन डिजिटल इंडिया का सपना मात्र दिखावा है। सरकारी कार्यालय में भ्रष्ट व्यवस्था देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम लोगों का संवैधानिक अधिकार है। इस अधिकार को लेकर जब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होगा तब तक लड़ाई लड़ी जाएगी।





बिंदेश्वरी पाल ने आमजनों से अपील कर कहा है कि अपना हक एवं अधिकार पाने के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी और जरूरत पड़ी तो सुविधा विहीन ग्रामीणों के सहयोग से नगर पंचायत कार्यालय में ताला बंद करने पर बाध्य होना पड़ेगा।अंत में उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार से हम लोगों को बहुत आस जगी थी कि अब हम लोगों का समस्या का समाधान हो सकेगा,लेकिन नहीं हो सका। विशेष कर पानी की समस्या बरकरार रहा।





अंत में ग्रामीणों ने सामूहिक तौर पर कहा है कि हम लोगों के लिए नगर पंचायत प्रशासन का ध्यान नहीं है। इसलिए हम लोगों को नगर पंचायत क्षेत्र से अलग करवा दिए जाने का मांग जिला उपायुक्त से की गई है।





इस मौके पर पूर्व वार्ड परिषद सदस्य इबरार खां,रुस्तम अंसारी,अवधेश पाल,सिराज खान,शर्मा पाल,आजम रसूल खान,हाशिम खान,वकील खां,राशिद खां,जितेंद्र कुमार,अइम अंसारी सहित ग्रामीण उपस्थित थे।