प्रतिनिधि,चतरा। सदर थाना क्षेत्र के सेहदा बिरहोर टोला में पारिवारिक विवाद में एक बिरहोर महिला अकली देवी ने जहर खा लिया,जिसे परिजनों के द्वारा उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर अकली को अस्पताल लाने के क्रम में ही उसके पति परमदेव बिरहोर को घर के बाहर सांप ने डंस लिया। ऐसे में पत्नी के साथ पति को भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। परंतु परमदव की गंभीर होती स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मृतका के देवर कैलाश बिरहोर ने बताया कि वह खाना खाकर रात में सोने जा रहा था। इसी दौरान अकली की बेटी ने आकर बताया कि मम्मी की तबीयत खराब हो गया है और उसके मुंह से झाग निकल रहा है। ऐसे में उसे आनन फानन में उसकी मां के साथ सर्प दंश के शिकार उसके पिता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अकली की मौत हो गई।





