संवाददाता,बरही।बरही के पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव मंगलवार को हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय से मिलने समाहरणालय पहुंचे,जिसके बाद पूर्व विधायक मनोज यादव ने उपायुक्त को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों की वर्तमान स्थिति को लेकर चर्चा किया। उन्होंने बताया कि बरही अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कई प्रखंडों के मरीज अपने इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल आते हैं। वही क्षेत्र बड़ा होने के कारण दुर्घटना होने पर भी प्राथमिक उपचार के लिए कई मरीजों का आना जाना लगा रहता है। वर्तमान स्थिति में बरही अनुमंडलीय अस्पताल में मात्र 2 चिकित्सक उपलब्ध रहने के कारण बरही अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा व्यवस्था बदहाल हो गई है।उन्होंने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र के लोगों की सुविधाओं एवं उपचार के लिए जल्द से जल्द चिकित्सकों की बहाली सुनिश्चित किया जाए, जिससे की बरही क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव ने बरही अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्स्कों की संख्या बढ़ाने को लेकर हज़ारीबाग उपायुक्त को पत्र लिख कर उन्हें सौंपा।
ज्ञात हो कि बरही अनुमंडल अस्पताल बरही सघन आबादी क्षेत्र का एक मात्र सरकारी चिकित्सा संस्थान है। बरही अनुमंडल मुख्यालय जीटी रोड एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के संगम पर स्थित है। जिस कारण आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है, परन्तु चिकित्सक की कमी के कारण आम लोगों को इलाज में काफ़ी कठिनाई होती है। समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण कभी कभार दुर्घटना में घायल मरीज की मृत्यु भी हो जाती है। इसलिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को लेकर आग्रह किया।
मौक़े पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर, बरही मुखिया संघ अध्यक्ष सह मलकोको मुखिया विजय यादव, बरही पश्चिमी जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, अशोक यादव, युगल यादव, पिंटू ठाकुर, प्रदीप चंद्रवंशी, सचिन यादव उपस्थित रहें।





