पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,लोहरदगा। झारखंड पीपुल्स पार्टी लोहरदगा जिला इकाई के तत्वाधान में लोहरदगा ब्लॉक स्थित नगर भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया,जिसमें हजारों की संख्या में महिला और पुरूष कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड आंदोलनकारी पूर्व विधायक एवं झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने अपने संबोधन में कहा कि 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में लोहरदगा में राजनीतिक परिवर्तन होगा और झारखंड की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य की स्थापना हुए 24 वर्ष बीत गया।इस 24 वर्ष में बहुत सारे मुख्यमंत्री बदले,किंतु झारखंड की तस्वीर नहीं बदली।इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि यहां के नेता सिर्फ अपना और अपने लोगों के विकास में व्यस्त हैं।झारखंड के गरीब जनता पर उनका ध्यान कभी नहीं गया।
सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि झारखंड में खनिज संपदा भरपूर मात्रा में उपलब्ध है।अगर यहां की सरकारें ईमानदारी से काम करती तो 24 वर्षों में झारखंड का हर व्यक्ति सम्पन्न होते,किंतु यहां के नेताओं ने अपनी स्वार्थ पूर्ति के लिए लोगों को लखपति बनाने के बजाय खाकपति बनाकर छोड़ दिया। राष्ट्रीय पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि केंद्रीय पार्टियों ने झारखंड को चारागाह और प्रयोगशाला बनाकर छोड़ दी।निर्दलीय चुनाव जीतने वाला एक व्यक्ति भी झारखंड का मुख्यमंत्री बन सकता है।ऐसा उदाहरण देश के किसी भी राज्य में देखने को नहीं मिलेगा।
सूर्य सिंह बेसरा ने आजसू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजसू पार्टी का गठन हम लोगों ने छात्रों के कल्याण के लिए झारखंड स्टूडेंट यूनियन के नाम से किया था और इसका मकसद था कि छात्रों की समस्याओं का निदान करते हुए शिक्षा की उचित व्यवस्था की जाए। परंतु आजसू के वर्तमान सुप्रीमो सुदेश महतो ने इस पार्टी का स्वरूप ही छल से बदल दिया।जब से झारखंड अलग हुई है सत्ता का सुख भोगने का यह काम करते रहे हैं।
सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि दस क्षेत्रीय पार्टी को मिलाकर हम लोगों ने एक नई पार्टी जनमत का निर्माण सबके सहमत से किया है और तीसरे विकल्प के रूप में आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे बेसरा ने कहा कि आज तक झारखंड अलग होने के बाद एक भी महिला को किसी दल ने मुख्यमंत्री झारखंड का नहीं बनाया। हम महिला को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे तभी आधी आबादी वाली महिलाओं का सही प्रतिनिधित्व मिल पाएगा और महिला कल्याण का सपना साकार हो पाएगा।
झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष लोहरदगा के पूर्व विधायक झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय कमल किशोर भगत के छोटे भाई और लोहरदगा विधानसभा के भावी प्रत्याशी अनिल टाना भगत ने कहा कि मैं अपनी इच्छा से चुनाव लड़ने के लिए लोहरदगा में नहीं आया हूं मेरे आदरणीय बड़े भैया स्वर्गीय कमल किशोर भगत की आत्मा ने मुझे यहां भेजा है और यहां की जनता की पुकार सुनकर मैं लोहरदगा से चुनाव लड़ने के लिए आया हूं। मेरी कोशिश रहेगी की मेरे बड़े भाई स्वर्गीय कमल किशोर भगत ने लोहरदगा के विकास के लिए जो सपना देखा था उसे मैं हर हाल में पूरा करूं और यही मेरे जीवन का असली मकसद होगा।
अनिल टाना भगत ने कहा कि मैं महिला पुरुष बेरोजगारों के लिए लघु उद्योग के तहत 10000 युवक युवतियों को घर बैठे रोजगार उपलब्ध कराऊंगा,जिससे प्रत्येक व्यक्ति 15 से 20 हजार रुपए प्रतिमाह घर बैठे अर्जित करेंगे और इसके लिए वे एसएमएसई के चेयरमैन को अपने साथ लोहरदगा लेकर आए हैं।
अनिल टाना भगत ने कहा कि मैं सबों का साथ लेकर सबों का विकास करने पर विश्वास रखता हूं। मेरे पास बिचौलियों का कोई स्थान नहीं रहेगा। हम सभी मिलकर बैठेंगे और आपस में चर्चा कर लोहरदगा के विकास के लिए योजना बनाएंगे और उसे क्रियान्वित भी करेंगे।
लोहरदगा जिला आजसू पार्टी के महासचिव विलियम कुजूर ने पार्टी छोड़कर झारखंड पीपुल्स पार्टी में शामिल होकर कहा कि अब आजसू पार्टी कमल किशोर भगत के समय की पार्टी नहीं रह गई है।उनके सोच के विपरीत यहां सारे कार्य हो रहे हैं। समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं दी जा है,जिससे क्षुब्ध होकर मैं और मेरे साथ सैकड़ों लोगों ने आजसू पार्टी छोड़कर झारखंड पीपुल्स पार्टी में शामिल हुए और आने वाले विधानसभा में झारखंड पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने की शपथ ली।
प्रदीप ठाकुर ने कहा कि झारखंड पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार अनिल टाना भगत को जीतने के लिए हम सभी कार्यकर्ता तन मन धन से जुट जाएं निश्चित रूप से हमें सफलता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि विलियम कुजूर के साथ आजसू पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष राम नारायण प्रसाद,वरीय उपाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह,प्रदीप ठाकुर,जिला कोषाध्यक्ष संजू सिंह, जिला प्रवक्ता रामचंद्र गिरि,महिला नेत्री संगीता साहू,बिंदू देवी सहित सैकड़ो की संख्या में आजसू पार्टी त्याग कर झारखंड पीपुल्स पार्टी में शामिल हुए।
आजसू छोड़कर आए लोगों को केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए विलियम कुजूर को लोहरदगा जिला प्रभारी, विपिन सिंह को जिला अध्यक्ष, रामनारायण प्रसाद और प्रदीप ठाकुर को जिला कार्यकारी अध्यक्ष, रामचंद्र गिरि को जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी, सुनीता उरांव को महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष,संगीता साहू को जिला महासचिव,किरण साहू को जिला कोषाध्यक्ष और सुलेखा देवी को नगर अध्यक्ष की बागडोर थमाया। इसी प्रकार कुलदीप साहू को कुडू प्रखंड का प्रभारी और मनोज उरांव को किस्को प्रखंड अध्यक्ष का दायित्व दिया गया। मंच का संचालन रामचंद्र गिरि और अध्यक्षता अनिल टाना भगत द्वारा की गई। जबकि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विपीन सिंह ने कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।





