रांची।झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी के नेता बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कठघरे में खड़ा किया।बाबूलाल ने सीएम सोरेन को भ्रष्टाचार का पोषक बताया और राज्यपाल से मांग की है कि भ्रष्टाचार में लिप्त हेमंत सोरेन को बर्खास्त करें।
जितने दिन रहेगी सरकार,उतना ज्यादा होगा नुकसान
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुवाई में चल रही यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है।यह सरकार जितने दिन रहेगी झारखंड का उतना ही ज्यादा नुकसान होगा।बाबूलाल ने कहा कि राज्य को सरकार नहीं, बिचौलिये चला रहे हैं।मुख्यमंत्री का आवास बिचौलियों का आवास बन गया है।पदाधिकारियों से बिचौलिये ही बात करते हैं,ट्रांसफर पोस्टिंग, टेंडर का मोल-भाव बिचौलिए करते हैं।
सीएम के विधायक प्रतिनिधि जेल में
बाबूलाल ने कहा कि राज्य में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के ठिकानों से करोड़ों रुपए बरामद होते हैं।उसे जेल भेज दिया जाता है।मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि जेल में हैं। बाबूलाल ने कहा कि प्रेम प्रकाश के घर जांच एजेंसियों की रेड होती है, तो वहां से मुख्यमंत्री आवास में पदस्थापित पुलिसकर्मियों की एके-47 बरामद होती है।करोड़ों रुपए भी मिलते हैं।अब अमित अग्रवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया है।
सीएम चुप क्यों हैं
बाबूलाल ने कहा कि ईडी को इन सभी के मोबाइल,टेलीफोन की डिटेल निकालकर जांच करनी चाहिए कि ये लोग कब, किनसे और किस हैसियत से बात करते रहे हैं।सभी के तार आपस में जुड़े हुए हैं।मुख्यमंत्री को इस बारे में बताना चाहिए। बाबूलाल ने कहा कि आखिर मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं। उन्हें बताना चाहिए कि आरोपों में घिरे इन लोगों को मुख्यमंत्री का संरक्षण है या नहीं।
सीएम के लिए ठीक करवायी जा रही होटवार जेल की सड़क
बाबूलाल नेता ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ने इन लोगों को संरक्षण दे रखा है, तो उन्हें अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।उन्हें तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। बाबूलाल ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री खुद इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम महामहिम राज्यपाल से मांग करते हैं कि ऐसी भ्रष्ट सरकार को वे बर्खास्त करें।मुख्यमंत्री के लिए होटवार जेल की सड़क ठीक करवायी जा रही है।
जरमुंडी की घटना की मरांडी ने की निंदा
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने जरमुंडी में युवती को जिंदा जलाकर मारने की घटना की कड़ी निंदा की। बाबूलाल ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।हेमंत है, तो हिम्मत है का नारा अपराधियों को खूब भा रहा है। राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता अविनेश कुमार और सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे।





