पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,श्री बंशीधर नगर,गढ़वा। श्री बंशीधर नगर प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन देकर प्रखंड के कुम्बा खुर्द ग्राम के जनवितरण प्रणाली के दुकानदार चन्दन खलखो पर मई माह का राशन गबन कर काला बाजारी करने का आरोप लगाते हुए जनहित में अविलंब जांचोपरांत कार्रवाई करने की मांग किया है, ताकि गरीब कार्डधारियों को उनके हक का राशन मिल सके।
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को दिए आवेदन में कहा गया है कि कुम्बा खुर्द ग्राम के ग्रामीणों से शिकायत मिली है कि डीलर चन्दन खलखो द्वारा मई माह का राशन वितरण नही कर लाभुकों से जून माह में दोनों माह का अंगूठा लगवाकर एक माह का राशन वितरण किया जा रहा है।जानकारी के बाद जब उक्त डीलर के दुकान पर जांच करने गई तो पाया कि डीलर दुकान बंद कर कहीं चला गया है।उन्होंने आवेदन में लिखा है कि जब मोबाइल से सम्पर्क करने का प्रयास किया तो डीलर द्वारा कॉल रिसीव नही किया गया। प्रमुख ने जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से उक्त बातों को ध्यान रखते हुए अविलंब कार्रवाई करने का आग्रह किया है।





