प्रतिनिधि, चौपारण। चौपारण(हजारीबाग) शनिवार को अबुआ आवास योजना का प्रचार रथ चौपारण प्रखण्ड मुख्यालय पहुंचा। जहां से बीडीओ प्रेमचन्द सिन्हा ने झंडा दिखाकर विभिन्न गांवों में प्रचार के लिए रवाना किया।मौके पर बीडीओ प्रेमचन्द सिन्हा ने बताया कि कच्चा मकान एवं आवास विहिन परिवारों को पक्का आवास का लाभ देने हेतु अबुआ आवास योजना का शुभारंभ झारखण्ड सरकार द्वारा किया गया है। आपकी योजना- आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम अन्तर्गत दिनांक 24 नवम्बर, 2023 से 26 दिसम्बर, 2023 तक प्रत्येक पंचायत में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पंचायत स्तरीय शिविर में योग्य परिवारों से अबुआ आवास योजना के लिए आवेदन प्राप्त किये जाएंगे। योग्य परिवार आवेदन निर्धारित प्रपत्र में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड इत्यादि की छायाप्रति के साथ पंचायत स्तरीय शिविर में जमा कर पावती प्राप्त कर सकते हैं।अधिक जानकारी के लिए पंचायत सचिव, मुखिया, प्रखण्ड समन्वयक एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से जरूरतमंद परिवार सम्पर्क कर सकते हैं।
बता दें कि अबुआ आवास योजना के तहत पात्र लोगों को तीन कमरों का पक्का मकान दिया जाएगा। पहले चरण में पूरे राज्य में 2 लाख आवास बनेंगे। दूसरे चरण में साढ़े तीन लाख और तीसरे चरण में अढ़ाई लाख पक्के आवास का निर्माण होगा।





