प्रतिनिधि,हजारीबाग। प्रमंडलीय आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के तत्वाधान में कोयला खनन एवं अन्य सरकारी परियोजनाओं के भूमि स्थानांतरण से संबंधित आहूत समीक्षात्मक बैठक आयुक्त के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। प्रमंडलीय स्तरीय प्रस्तावित बैठक की अध्यक्षता आयुक्त सुमन कैथरीन किस्पोट्टा के द्वारा की गई। बैठक में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल अंतर्गत आने वाले जिले के उपायुक्त हजारीबाग नैंसी सहाय, उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार, उपायुक्त धनबाद वरुण रंजन एवं उपायुक्त गिरिडीह नमन प्रियेश लकड़ा शामिल हुए।
बैठक में आयुक्त के द्वारा प्रमंडल स्तर पर चलने वाले सरकारी परियोजनाओं की भूमि हस्तांतरण व लीज बंदोबस्ती से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई,जिसमें हजारीबाग में चल रहे बादाम कोयला खनन परियोजना की लीज बंदोबस्ती,पकरी बरवाडी कोयला खनन परियोजना के लीज बंदोबस्ती एवं गोंदलपूरा कोयला खान क्षेत्र हेतु अडानी एंटरप्राइजेज के लीज बंदोबस्ती से संबंधित अभिलेखों में प्राप्त त्रुटि का निराकरण कर अद्यतन रिपोर्ट की मांग आयुक्त के द्वारा की गई।बैठक के दौरान आयुक्त ने उपस्थित उपायुक्तों को पीएमजी पोर्टल पर वर्तमान रिपोर्ट अद्यतन करने के निर्देश दिए। वही उपायुक्त रामगढ़ को बरलंगा नेमरा पिरगुल-कसमार पथ के दो लेन पेव्ड सोल्डर में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण या पुनर्निर्माण हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
आयुक्त ने धनबाद जिला अंतर्गत चलने वाले ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड के लीज बंदोबस्ती एवं डीएफसीसीआईएल के स्थाई भूमि हस्तांतरण संबंधित प्राप्त अभिलेखों में पाई गई त्रुटि की निराकृत रिपोर्ट भेजने हेतु उपायुक्त धनबाद को आदेश दिया गया। साथ ही गिरिडीह जिला अंतर्गत डीएफसीसीआईएल विशेष रेल लाइन निर्माण हेतु खास गैरमजरूआ भूमि को डीएफसीसीआईएल के पक्ष में भूमि हस्तांतरण संबंधित प्राप्त अभिलेखों में पाई गई त्रुटि की निराकृत रिपोर्ट भेजने हेतु उपायुक्त गिरिडीह को आदेशित किया गया।
आयुक्त द्वारा सभी उपायुक्तों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि कॉल ब्लॉक एवं अन्य सरकारी परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित सभी मामलों में शीघ्र कार्रवाई किया जाए। आयुक्त के सचिव रवि राज शर्मा, अपर समाहर्ता हजारीबाग, अपर समाहर्ता गिरिडीह एवं डीएलए ओर कोडरमा उपस्थित रहे।





