प्रतिनिधि, रामगढ़। गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में प्रमंडलीय आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेक्षक, उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल हजारीबाग, सुमन कैथरीन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों के प्रगति एवं अनुसरण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।





बैठक के दौरान सर्वप्रथम आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेषक उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल, हजारीबाग को उपविकास आयुक्त रोबिन टोप्पो एवं अनुमंडल पदाधिकारी शीलवंत कुमार भट्ट ने पुष्पगुच्छ देकर रामगढ़ जिले में स्वागत किया। तत्पश्चात जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त के द्वारा 22 बड़कागांव एवं 23 रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले बूथों एवं मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।





बैठक के दौरान किस्पोट्टा ने उपस्थित सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को उनके क्षेत्र में 01/01/2024 एवं 01/10/2024 को 18 वर्ष आयु की आहर्ता पूर्ण करने वाले युवाओं के लिए शिविर आयोजित करते हुए मतदाता सूची में उनका नाम जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने होमलेस वोटर्स, दिव्यांग वोटर्स, 80+ वोटर्स, ट्रांसजेंडर वोटर्स का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने ऑफलाइन प्राप्त प्रपत्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के साथ-साथ मृत एवं विस्थापित वोटरों के लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का भी निर्देश दिया।





बैठक के दौरान श्रीमती किस्पोट्टा ने प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1500 का ही होना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित आए सभी आवेदनों को ससमय निष्पादित करने का निर्देश दिया।मौके पर उन्होंने उपस्थित सभी को बिना किसी योग्य मतदाता को छोड़े त्रुटि रहित एवं निर्धारित समय पर मतदाता सूची का प्रकाशन करने का निर्देश दिया।





बैठक के पश्चात श्रीमती किस्पोट्टा ने संबंधित अधिकारियों के साथ रामगढ़ के कई बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्राप्त आवेदनों का जायजा लिया एवं लंबित आवेदनों को ससमय निष्पादित करने का निर्देश संबंधित बूथ के बीएलओ को दिया। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची के विभिन्न प्रपत्रों के निष्पादन में आ रहे कठिनाइयों को दूर करने संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।





बैठक के दौरान आयुक्त के सचिव बासुदेव प्रसाद, उपविकास आयुक्त रोबिन टोप्पो, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, एलआरडीसी दीप्ति प्रियंका कुजूर, सभी एईआरओ सहित अन्य उपस्थि थे।