रांची।संताल में एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के अवैध खनन मामले में झारखंड के चर्चित व्यवसायी और कई राजनेताओं के करीबी प्रेम प्रकाश,पंकज मिश्रा व बच्चू यादव पर दाखिल चार्जशीट के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रेम प्रकाश के काल डिटेल्स रिकार्ड से संबंधित दस्तावेज और दर्जनभर डिजिटल उपकरण भी कोर्ट में प्रस्तुत किया है।प्रेम प्रकाश पर दाखिल चार्जशीट में ईडी ने सीडीआर से ये स्पष्ट कर दिया है कि प्रेम प्रकाश की नेताओं से लेकर नौकरशाहों तक में बहुत पकड़ रही है।इससे उसने करोड़ों की कमाई की।
किन नेताओं से हुई बात,लिस्ट में सबका नाम
ईडी ने प्रेम प्रकाश के यहां से मिले मोबाइल नंबरों के सीडीआर 89 पेज का जमा किया था। ईडी के अनुसंधान में यह बात भी सामने आई कि प्रेम प्रकाश ने अपनी मजबूत प्रशासनिक पकड़ से अपने एक अन्य सहयोगी संजय चौधरी के साथ मिलकर अवैध खनन और परिवहन किया। संजय चौधरी की कंपनी सीटीएस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 2015-16 से 2022-23 में बिहार के पीरपैंती रेलवे स्टेशन से 268 रैक पत्थर ढुलाई बुक किया था, जिसमें 251 रैक बिना खनन चालान के ही भेज दिया गया।
प्रेम प्रकाश व पंकज ने मिलकर उगाही रकम
ईडी को छानबीन में यह भी जानकारी मिली है कि साहिबगंज से पत्थर की ढुलाई करने वाली कंपनी सीटीएस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का निदेशक संजय चौधरी प्रेम प्रकाश का करीबी है। संजय चौधरी ने अवैध खनन के रुपयों को अपनी कंपनी के अलावा अन्य कंपनियों जैसे मल्टीप्लायर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, अलकनंदा स्पंज आयरन आदि के माध्यम से प्रेम प्रकाश को उपलब्ध कराया। जब ईडी ने पूर्वोत्तर रेलवे में पत्थर परिवहन पर अनुसंधान किया तो पता चला कि संजय चौधरी की कंपनी ने बिना परिवहन और खनन चालान के लगभग 100 करोड़ के अवैध पत्थर का परिवहन करवा दिया। अवैध खनन में प्रेम प्रकाश और पंकज मिश्रा ने मिलकर मोटी रकम की उगाही की। प्रेम प्रकाश को अवैध धंधे में नेताओं से लेकर नौकरशाहों तक का सहयोग मिला।
पंकज, प्रेम और बच्चू यादव सत्ता के करीबी
आपको बताते चलें कि प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के दौरान रांची के हरमू में प्रेम प्रकाश के घर से कंबोडिया का कछुआ बरामद हुआ था।दूसरी बार प्रेम प्रकाश के घर पर छापेमारी हुई तो दो एके-47 मिले थी।बाद में पुलिस ने दावा किया था कि हथियार उसके सिपाहियों के हैं और सिपाहियों ने ही प्रेम प्रकाश के घर पर रखे थे।झारखंड में सरकार किसी भी रही हो,लेकिन प्रेम प्रकाश सभी नेताओं का करीबी रहा है।पंकज मिश्रा झारखंड मुक्ति मोर्चा का बड़ा नेता है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विधायक प्रतिनिधि भी है।प्रेम प्रकाश इस समय जेल में बंद है।बच्चू यादव की बात करें तो ये पंकज मिश्रा का करीबी है। पंकज के कारोबार का साझेदार रहा है।





