रांची।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सामने आया फर्जी वोटर कार्ड गिरोह का तार बड़ा लंबा होता जा रहा है।इसके तार झारखंड तक जुड़े हुए मिले हैं।पुलिस ने गिरोह में शामिल कंप्यूटर की दुकान चलाने वाले एक युवक को पालमू के चैनपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। पलामू के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के अनुसार फर्जी वोटर कार्ड मामले में साइबर सेल ने मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

एसएसपी के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंप्यूटर दुकानदार मुकेश कुमार को अवैध रूप से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट का लिंक और पासवर्ड उपलब्ध कराया गया है और इसके ही जरिए मुकेश बड़े पैमाने पर वोटर कार्ड प्रिंट कर रहा है।



एसएसपी के अनुसार मुकेश फर्जी वोटर कार्ड गिरोह का सदस्य है।फिलहाल अभी वो केवल एक निचली कड़ी है। विकास कुमार सिंह नाम के युवक ने उसे लिंक और पासवर्ड दिया था। मुकेश के अनुसार वह विकास से कभी नहीं मिला था। फिलहाल आगे की जांच जारी है।



पलामू के उपायुक्त शशि रंजन के अनुसार निर्वाचन आयोग से मिली सूचना के बाद कार्रवाई की जा रही है। हम इस रैकेट की गतिविधियों को खंगाल रहे हैं। ये लोग किस तरह से लेनदेन कर रहे थे और नेटवर्क कितना फैला था इसकी जांच हो रही है। जांच के बाद पूरी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जाएगी।