रांची। झारखंड विधानसभा में बुधवार को भोजनावकाश के बाद द्वितीय पाली में सदन में रांची के विधायक सीपी सिंह ने कटौती प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए सरकार को भ्रष्ट बताया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में प्रायोजित तरीके से भ्रष्टाचार हो रहा है। यहां अपराध सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में अपराध की स्थिति पर कहा कि मेरे पास जनवरी 2022 से दिसंबर 2022 तक का आंकड़ा है। यह आंकड़ा बताता है कि राज्य में अपराध की स्थिति क्या है। राज्य में 10714 चोरी, 1663 अपहरण, 1769 हत्या, 1611 बलात्कार सहित कुल 64 हजार से अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं।
राज्य का मुखिया कहता है गौ तस्करी के वाहन नहीं पकड़ें
सदन में उन्होंने अंबा प्रसाद के मामले को उठाते हुए कहा कि राज्य का विधायक इस बात को बोलता है कि किस अधिकारी को किस काम के लिए लगाया गया है। उन्होंने संध्या टोपनो की हत्या पर कहा कि यह सरकार गौ हत्या करने वाली है। एक उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पलामू में सीएम ने कहा था कि गौ तस्करी वाले वाहनों को नहीं रोकना है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य का मुखिया ही ऐसी बात करेगा तो न जाने कितनी संध्या टोपनो की मौत होगी।
रांची हिंसा में महज 38 की हुई गिरफ्तारी
रांची हिंसा पर सीपी सिंह ने कहा कि 10 जून 2022 को सुनियोजित तरीके से रांची में हिंसा हुई। गोली चलने से दो लोग घायल हुए। हंगामा करने वाले लोगों के चेहरे सामने थे। इसके बाद भी सरकार ने महज 38 लोगों को गिरफ्तार किया। स्थिति को यह है कि अपराधी को एयर एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजा। मैं इसे गलत भी नहीं मानता, लेकिन ऐसी व्यवस्था आम लोगों के लिए भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियोजन नीति को लेकर जो भ्रम है, उसे मुख्यमंत्री को दूर करना चाहिए। मेरा भी अनुरोध होगा कि वे सदन में इस भ्रम को दूर कर दें। इस सरकार ने युवाओं के लिए कुछ किया ही नहीं है। भ्रष्टाचार पर कहा कि रांची के भवन निर्माण विभाग का कार्यपालक अभियंता वन और टू 46 परसेंट घूस लेता है। इसमें से 12 फीसदी अकेले कार्यपालक अभियंता लेता है। 10 प्रतिशत टेबुल टेंडर का लेता है। उन्होंने कहा कि पैसे ऊपर तक पहुंचाएं जाते हैं। अब ऊपर किसको-किसको पहुंचाया जाता है, यह मुझे नहीं पता। ये वो उदाहरण है जो बताते हैं कि यह भ्रष्टाचार राज्य संपोषित है।
सीपी सिंह ने साफ तौर पर कहा कि रांची में सिटी पेट्रोलिंग की व्यवस्था है। लेकिन यह पेट्रोलिंग करती क्या है। यह पुलिस ईंट, बालू, चिप्स ढोने वाली गाड़ियों से वसूली करती है। इतना ही नहीं दिन में भी आएंगे तो देखने को मिलेगा कि चौराहे पर खड़ी पुलिस पलामू-गढ़वा से आने वाली गाड़ियों की चाभी खींच लेती है। राज्य में तो यह स्थिति है।





