लखनऊ।उत्तर प्रदेश के ब्लाॅक प्रमुख चुनाव में हुई हिंसा की घटना पर प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि प्रदेश में कानून का शासन नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है। बसपा सुप्रीमों ने शनिवार को एक ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान भाजपा सरकार में कानून का शासन नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है,जिसके तहत यहां पंचायत चुनाव में हिंसा की असंख्य घटनाएं और लखीमपुर खीरी की एक महिला से की गई बदसलूकी की घटना अति-शर्मनाक है। क्या यही इनका कानून का राज व लोकतंत्र है? यह सोचने की बात है। बसपा सुप्रीमों ने कहा, आजमगढ़ जिले की तरह चन्दौली जिले के बर्थरा खुर्द गांव में भी दलितों के घरों को दबंगों द्वारा उजाड़ना व उत्पीड़न करना क्या यही इनका दलित प्रेम है? दुख यह भी है कि अभी भी केंद्र और राज्य सरकार के दलित मंत्री चुप हैं, क्यों? यह अति-चिन्तनीय है। आपको बताते चले कि लखीमपुर खीरी जिले के पसगवां विकास खंड में ब्लाॅक प्रमुख के नामांकन के दौरान सपा उम्मीदवार के साथ अभद्रता, प्रस्तावक की साड़ी खींचने और नामांकन पत्र को फाड़ने की घटना घटित हुई।शुक्रवार को इस मामले से संबंधित क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी, पसगवां के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एक निरीक्षक और तीन उप निरीक्षकों समेत कुल छह लोगों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।