लखनऊ। बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया मायावती ने यूपी एटीएस के ऑपरेशन पर सवाल उठा दिया है।बसपा सुप्रीमों ने कहा कि चुनाव से पहले ही ऐसा क्यों होता है।बसपा सुप्रीमों ने ट्वीट किया है कि 'यूपी पुलिस का लखनऊ में आतंकी साजिश का भंडाफोड़ कर मामले में गिरफ्तार दो लोगों के तार आंतकी संगठन अलकायदा से जुड़े होने का दावा अगर सही है,तब यह गंभीर मामला है और उचित कार्रवाई होनी चाहिए। वरना इसकी आड़ में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए जिसकी आशंका व्यक्त की जा रही है। लेकिन बसपा सुप्रीमों ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव के करीब आने पर ही इस प्रकार की कार्रवाई लोगों के मन में संदेह पैदा करती है। अगर इस कार्रवाई के पीछे सच्चाई है,तब पुलिस इतने दिनों तक क्यों बेखबर रही? यह वह सवाल है जो लोग पूछ रहे हैं। अतः सरकार ऐसी कोई कार्रवाई न करे जिससे जनता में बेचैनी और बढ़े। इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी को लेकर विवादित बयान देकर कहा था कि उन्हें यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं है। रविवार को अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने बताया कि अलकायदा के आतंकियों ने 15 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों को दहलाने की साजिश रची थी। उनके आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े होने का पर्याप्त सबूत है। एटीएस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में एटीएस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूछताछ और छापेमारी जारी है।