लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2022 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों का दौर तेजी से चालू हो गया है।इस बीच प्रदेश में जगह-जगह ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित कर रही बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने समाजवाद के प्रणेता जनेश्वर मिश्र उर्फ छोटे लोहिया की जयंती पर गुरुवार को साइकिल यात्रा निकाल रही समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है।बसपा सुप्रीमों ने सिलसिलेवार ट्वीट की झड़ी लगाते हुए कहा कि स्वर्गीय श्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उनको हार्दिक श्रद्धा सुमन अर्पित। उनके नाम पर लखनऊ में जो पार्क है उसे बसपा सरकार ने बाबा साहेब डाक्टर भीमराव आम्बेडकर के नाम पर बनाया था,लेकिन सपा सरकार ने जातिवादी सोच एवं द्वेष के कारण इसका नाम भी नए जिलों आदि की तरह बदल दिया, यह कैसा सम्मान?

बसपा सुप्रीमों ने एक अन्य ट्वीट में कहा ‎कि बसपा की प्रबुद्ध वर्ग विचार संगोष्ठी की यूपी के जिलों में अपार सफलता के बाद सपा को अब श्री जनेश्वर मिश्र और भाजपा सरकार द्वारा सताए हुए उनके समाज की याद आई है। यह सब इनकी राजनीतिक स्वार्थ व सस्ती लोकप्रियता के लिए नाटकबाजी नहीं है तो और क्या है।

आपको बता दें कि गौरतलब है कि छोटे लोहिया के नाम से मशहूर रहे दिवंगत दिग्गज समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को राजधानी लखनऊ में साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं। पार्टी के मुताबिक यह यात्रा प्रदेश की भाजपा सरकार की खराब नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने के मकसद से निकाली जा रही है।