रांची।झारखंड के साहेबगंज जिले में गंगा में आई बाढ़ में एक नाव के पलट जाने से उस पर सवार 14 लोग पानी में डूब गए। लोगों के सहयोग से 13 लोगों को बचा लिया गया,लेकिन एक व्यक्ति की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब सात बजे मवेशी पालक नाव से चारा लाने के लिए खेत गये हुए थे। बताया गया कि नाव पर क्षमता से ज्यादा 14 लोग सवार थे।पशुओं का चारा और लोग ज्यादा होने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ने लगा और सभी लोग उफान मारती हुई गंगा में डूब गए।



जिला प्रशासन का दावा है कि 13 लोगों को शकुशल बचा लिया गया है और एक आदमी डूबा है।फिलहाल डूबे हुए व्यक्ति की खोज जारी है।डूबे हुए व्यक्ति की पहचान रामाशीष महतो के रूप में हुई है।जिले के उपायुक्त रामनिवास यादव खुद लाइफ जैकेट पहन कर पानी में घुसे और कमान संभाला। मौके पर जिले के पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा भी मौजूद रहे।

बताया जाता है कि शाम 7 बजे के आसपास जिरवाबाड़ी थाना अंतर्गत सोलबंधा गांव में नाव के सहारे 10 से 12 लोग एनएच-80 मेन सड़क पर आ रहे थे। सभी नाव सवार तालबन्ना घोड़ामाड़ा पुल के आसपास थे, तभी यह हादसा हुआ।