प्रतिनिधि,पाकुड़। हावड़ा मंडल के अंतर्गत पाकुड़ एक ऐसा रेलवे स्टेशन है जो खनिज पदार्थ में इस मंडल में सबसे अधिक राजस्व देता है फिर भी इस स्टेशन की अनदेखी शुरू से होती आ रही है। इस स्टेशन से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरती है मगर अधिक राजस्व देने वाला होने के बावजूद भी कई ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं है। सत्ता में बैठे कोई भी जनप्रतिनिधि इस विषय को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। गनीमत रही कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के प्रयास से मालदा से खुलकर बेंगलुरू जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पाकुड़ रेलवे स्टेशन में होने जा रहा है।उक्त जानकारी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व इजरप्पा के अध्यक्ष हिसाबी राय के द्वारा दिया गया। वहीं इसको लेकर उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का आभार भी व्यक्त किया।
जानकारी देते हुए हिसाबी राय ने बताया कि पाकुड़ के आम जनमानस के भावनाओं का सम्मान करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के हार्दिक सहयोग से मालदा-बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव पाकुड़ में सुनिश्चित किया गया है।पाकुड़़ में डाउन मालदा टाउन बेंगलुरू अमृत भारत एक्सप्रेस का पाकुड़ में ठहराव मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर 14 जनवरी 2024 को प्रातः 9 बजे शुभारंभ होगा,जिसे पाकुड़ रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रेल राज्य मंत्री भारत सरकार राव साहेब पाटिल दानवे और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री-सह-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी रवाना करेंगे। वहीं उक्त ट्रेन के ठहराव की खबर फैलते ही लोगों में हर्ष देखा जा रहा है। इस बाबत इजरप्पा समेत सामाजिक संगठन के लोगों ने बाबूलाल मरांडी समेत रेल मंत्री को धन्यवाद ज्ञापन किया है।





