रांची।झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को भ्रष्टाचार के मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के बयान पर पलटवार किया है।बाबूलाल ने कहा कि मुझे और खुशी होगी जब देश के सबसे युवा और ईमानदार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मुंह से मुझे भ्रष्टाचारी कहे। मैं इसे सहर्ष स्वीकार कर लूंगा।
आपको बताते चलें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा था कि बाबूलाल ने खुद कहा था कि भ्रष्टाचार के कारण उन्हें नींद नहीं आती है,फिर भी उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया। इससे साफ है कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार हुआ था और कार्रवाई नहीं कर इसके भागीदार बने। बाबूलाल ने कहा कि भ्रष्टाचार की बात सुन मुझे नींद नहीं आती, इसलिए मैं भ्रष्टाचारी हो गया, तो इस आरोप का स्वागत है, लेकिन मुख्यमंत्री मुझे भ्रष्टाचारी कह दें, स्वीकार कर लूंगा।
हेमंत तोड़ें अपनी चुप्पी
बाबूलाल ने सीएम हेमंत सोरेन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे चुप्पी कब तोड़ेंगे।झारखंड की जनता उनके मुंह से लूटतंत्र के नेटवर्क का पूरा किस्सा जानना चाहती है। बाबूलाल ने कहा कि अगर आप गलत नहीं हैं तो इस ऑपरेशन क्लीन झारखंड का स्वागत तो करिए। अब और किसके-किसके अंदर जाने का इंतजार कर रहे हैं।
बाबूलाल ने कहा कि बंगाल में अपने सबसे विश्वस्त पार्थ चटर्जी के ठिकानों से नोटों का जखीरा पकड़े जाने के बाद ममता दीदी ने भी माना कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसी किसी के दबाव में काम नहीं करती। बाबूलाल ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आपके सारे मोहरे एक-एक कर पकड़े जा रहे और आप ईडी को बुझा देने की धमकी के बाद से चुप हैं।





