प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पर मंच के संस्थापक सह अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह(पूर्व डीआईजी, कोल्हान) की अध्यक्षता में बिरसा युवा मंच के प्रतीक चिन्ह तथा आगामी कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।





तत्पश्चात मुख्य अतिथि पद्मश्री जमुना टुडू को अंगवस्त्र, शॉल तथा पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।अतिथि पद्मश्री टुडू जी द्वारा मंच के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह, उपाध्यक्ष डॉ.सुनीता देवदुत सोरेन, सचिव रीता पात्रो, सदस्य सुखदेव सिंह, बब्लू प्रसाद, विनय वेरा, अशोक मुंडा, प्रतीक एवं गणेश सोलंकी को पारंपरिक पगड़ी भेंट की गई। मौके पर मुख्य अतिथि एवं मंच के अधिकारी और सदस्यों द्वारा पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। तत्पश्चात मुख्यअतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा मसाल प्रज्ज्वलित कर सभी सदस्यों को शपथ दिलाई गई।बिरसा युवा मंच को सेतु बनाकर झारखंड के युवाओं में बिरसा के आदर्शों को जागृत कर झारखंड के नवनिर्माण में युवाओं की भूमिका को सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम को मुख्य अतिथि ने संबोधित किया एवं बिरसा युवा मंच के विचारों की सराहना करते हुए मंच के लक्ष्य के लिये अपनी शुभकामना दी।





अध्यक्षीय भाषण देते हुए राजीव रंजन सिंह ने कहा कि मंच ने जो मसाल जलायी है वह अपने लक्ष्य प्राप्ति तक अनवरत जलती रहेगी और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों का अलख जगाते हुए नव झारखंड की रचना में युवाओं की भूमिका सुनिश्चित करेगी। मंच का संचालन कुमार संजय ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन सचिव रीता पात्रो ने किया। इस अवसर पर झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी और महासचिव सुनील पांडे सहित अन्य मौजूद थे।