प्रतिनिधि,जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिल में 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य रूप से मनाया जाएगा,जिसके मद्देनजर गुरुवार समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारी को लेकर सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश भी दिया।





बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी मनीष कुमार, उप वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक गज परियोजना, जमशेदपुर अभिषेक कुमार, डीएफओ ममता प्रियदर्शी, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा समेत अन्य वरीय एवं विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।





इस बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर विचार विमर्श कर संबधित पदाधिकारियों को आयोजन से संबंधी जिम्मेदारी भी दी गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन भी किया गया। बिस्टुपुर गौपाल मैदान में सुबह 9:05 बजे झंडोतोलन किया जाएगा। जबकि सांस्कृतिक संध्या का आयोजन सिदगोड़ा टाउन हॉल में किया जाएगा और विभिन्न सरकारी स्कूलों के बच्चे अपनी प्रस्तुति देंगे। अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/नगर निकाय पदाधिकारी को स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उनके घर जाकर सम्मानित करने का निर्देश भी दिया गया। इसी तरह वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिमा की साफ-सफाई, माल्यार्पण का निर्देश संबंधित नगर निकाय पदाधिकारी/ प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। स्कूल के विद्यार्थियों के बीच पेंटिग/ड्रॉईंग आदि प्रतियोगिता कराए जाएंगे। प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। गोपाल मैदान स्थित मुख्य समारोह स्थल की तैयारी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करने की जिम्मेदारी विशेष पदाधिकारी-जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को देते हुए एनडीसी एवं जुस्को के प्रतिनिधि के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की बात कही गई।





जुस्को प्रबंधन को मैदान की साफ-सफाई एवं रखरखाव तथा डीएसपी ट्रैफिक को सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम स्थल में अग्निशामक वाहन तथा एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। 10 अगस्त से परेड का प्रयास किया जाएगा,जिसमें 8 टुकड़ियां शामिल होंगी,जिनमें आरएएफ, डीएपी (महिला/पुरुष), जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी (महिला/पुरूष), स्कॉउट एंड गाइड को शामिल किया जाएगा। रिहर्सल कार्यक्रम चार दिनों का होगा, जिसमें 10, 11, 12 को अभ्यास के बाद 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगा।





बैठक में निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, एनईपी निदेशक ज्योत्सना सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, डीसीएलआर रविन्द्र गागरई, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, एलडीएम, रैफ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, टाटा स्टील, नुवोको, जुस्को के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी शामिल थे।