प्रतिनिधि,बिहिया,आरा। बिहटा स्टेट हाईवे 102 पर बिहिया नगर स्थित आरओबी पर रविवार की शाम भीषण जाम लगा रहा,जिससे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। जाम के कारण आरओबी के उतरी छोर से लेकर दक्षिणी छोर पर पेट्रोल पंप से आगे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। उक्त जाम में कैमूर के जिला जज की गाड़ी के अलावा एम्बुलेंस भी फंसी रही। बाद में शाम लगभग पांच बजे के बाद बिहिया पुलिस के पहुंचने और देर तक जद्दोजहद करने के बाद यातायात सामान्य हो पाया। जानकारी के अनुसार आरओबी पर रोजाना ही ट्रैक्टर, ट्रक को खड़ी कर माल लोडिंग व अनलोडिंग किया जाता है। इसके अलावा कई कार व ऑटो भी आरओबी पर खड़ी कर दी जाती है,जिससे हमेशा ही जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
टोल टैक्स बचाने के लिए बिहिया से गुजर रहे रोजाना सैकड़ों वाहन
मोहनिया-आरा एनएच-30 और बक्सर-पटना एनएच-922 को जोड़ने वाली स्टेट हाईवे 102 पर जगदीशपुर के नया टोला से बिहिया चौरास्ता तक के लगभग 10 किलोमीटर तक के मार्ग पर फिलवक्त वाहनों का काफी दबाव बढ़ गया है। बताया जाता है कि मोहनिया से आरा तक जाने वाले भारी वाहन समेत अन्य छोटे वाहन टोल टैक्स बचाने के लिए नया टोला से बिहिया होते हुए चौरास्ता के समीप पहुंचकर पुनः बक्सर-पटना हाईवे पकड़ लेते हैं,जिससे बिहिया नगर से भारी वाहन समेत अन्य सैकड़ों वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी है। बिहिया नगर के बीचो बीच से होकर रोजाना गुजर रहे इन वाहनों से अक्सर ही दुर्घटनाएं और जाम लगना आम बात हो गयी है,जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना ही जाम से जूझना पड़ रहा है। आरओबी पर जाम लगने से आरओबी के पूर्वी व पश्चिमी लेन पर भी जाम की नौबत उत्पन्न हो जाती है। वहीं स्थानीय प्रशासन की ओर से जाम की समस्या से निपटने को लेकर कोई भी कदम नहीं उठाये जाने को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।





