बेल्डीह चर्च स्कूल में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर
अब प्रत्येक वर्ष होंगे ऐसे आयोजन : उप-प्राचार्य
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। एएसजीआई हॉस्पिटल द्वारा बुधवार बिस्टुपुर स्थित बेल्डीह चर्च स्कूल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें स्कूल के लगभग 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन से जुड़े सदस्यों ने नेत्र जांच में हिस्सा लिया। इस दौरान जांच के बाद कई लोगों को चश्मा लगाने तो कई को अस्पताल से संपर्क करने का सुझाव भी दिया गया।
शिविर में एएसजी अस्पताल की ओर से संजय कुमार, मो. इमरान, नाजमुएल हसन, सलाहकार आनंद कुमार मिश्रा और क्षेत्रीय प्रबंधक फहीम अख्तर काजमी ने विशेष योगदान दिया। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के सचिव सुजीत चंद्र दास, उप-प्रधानाचार्या एस्तर मोहंती, सह-संयोजिका प्रोमिला जोशुआ, हरप्रीत कौर और प्रणिता अजीत बिलोलकर की अध्यक्षता में विद्यालय की ज्योति यूनिट द्वारा संपन्न हुआ।
शिविर में स्कूल की उप प्राचार्य एस्तर मोहंती ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए सभी स्कूलों में ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि प्रत्येक वर्ष ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाकर बच्चों को निःशुल्क सेवा देने का प्रयास करें।





