प्रतिनिधि,बोकारो। शनिवार को बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना अंतर्गत खेतको में एक गंभीर हादसा हो गया। इस हादसे में ताजिया उठाने के दौरान कुछ लोग 11 हजार वोल्ट के हाइटेंशन तार की चपेट में आए गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो रेफर किया गया है।





घटना के बाद खेतको में परिजनों एवं लोगों के बीच चीख पुकार मच गई। सभी घायलों को तुरंत डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल इलाज के लिए लाया गया।इस दौरान अस्पताल में एंबुलेंस मौजूद नहीं रहने को लेकर लोगों ने काफी हंगामा किया गया। लोगों ने इस दौरान बिजली विभाग पर भी गुस्सा जाहिर करते हुए मुआवजे की मांग की है।





जानकारी के मुताबिक यह घटना अहले सुबह करीब 5.30 बजे हुई है। बताया जा रहा है कि ताजिया को इमाम बाड़ा शिफ्ट करने लोग जा रहे थे, इसी दौरान ये दुखद हादसा हो गया। मरने वालों में आसिफ रजा (21 वर्ष), एनामुल रब (35 वर्ष), गुलाम हुसैन (18 वर्ष), साजिद अंसारी (18 वर्ष) शामिल है।







बेरमो विधायक जयमंगल सिंह घायलों से मिलने पहुंचे





घटना की सुचना मिलने के बाद बेरमो विधायक जयमंगल सिंह घायलों से मिलने बीजीएच अस्पताल बोकारो पहुंचे। मृतकों के प्रति विधायक ने गहरी संवेदना जतायी। वहीं बिजली विभाग के अधिकारीयों से बात कर मृतकों के परिजनों को दो - दो लाख रूपये देने और घायलों के इलाज के लिए एक - एक लाख देने की बात कही।जिसपर बिजली विभाग के अधिकारीयों ने सहमति जतायी और अविलम्ब पैसे देने की बात कही।