प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने शनिवार झारखंड सरकार के खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री हफीजूल हसन अंसारी से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में विधायक ने मंत्री को जुगसलाई विधानसभा क्षेत्रांतर्गत बोड़ाम प्रखण्ड के बेलडीह पंचायत के ग्राम-गागीबुरू और जमशेदपुर प्रखण्ड के दक्षिण सरजामदा पंचायत के मौजा - सारजामदा में स्थित ईजीएल सोसाइटी मैदान में फुटबाल स्टेडियम निर्माण करवाने की बात से अवगत करवाया है। इसपर मंत्री हफीजूल हसन अंसारी ने विधायक को आश्वासन दिया है कि दोनों स्टेडियम का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर इसी वर्ष करवाया जाएगा। वहीं मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि दोनों स्टेडियम का निर्माण होने से हमारे क्षेत्र के युवा खेल के प्रति और जागरूक होंगे। साथ ही उन्हें इसका लाभ भी मिलेगा।





