प्रतिनिधि,चतरा। पुलिस कप्तान राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के डाढा गांव में पुलिस ने छापामारी कर बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में लगे अपराधी अशोक राणा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी के पास से एक देशी कट्टा व 9 एमएम की एक जिन्दा गोली बरामद की गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
इस आशय की जानकारी देते हुए चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि अशोक राणा नामक अपराधी अपने घर में अवैध पिस्टल एवं देशी कट्टा रखे हुए है। वह अपने दोस्तो के साथ मिलकर किसी घटना का अंजाम देने वाले है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया।टीम में थाना प्रभारी मनोहर करमाली एवं थाना के अन्य पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के साथ ग्राम डाढा में अशोक राणा के घर का घेराबंदी कर घर को तलाशी ली गयी। तलाशी के क्रम में एक लोडेड देशी कट्टा को बरामद किया गया। साथ ही अशोक राणा पिता स्व० दोदी राणा को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में अविनाश कुमार अनु० पु० पदा० सदर चतरा,मनोहर करमाली पु०नि० सह थाना प्रभारी,पु० अ० नि० कौशल कुमार सिंह, सदर थाना,स०अ०नि० महेन्द्र ठाकुर एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





